विद्यालय की लापरवाही से मीडिया में आने से वंचित हुईं 3 टापर छात्राएं
https://www.shirazehind.com/2014/06/3.html
जौनपुर। गुरूओं द्वारा शिष्याओं के साथ सौतेलापन समझा जाय या विद्यालय प्रशासन की लापरवाही, क्योंकि जिस विद्यालय के सभी बच्चों का परीक्षाफल एक साथ आने पर विद्यालय प्रशासन द्वारा मीडिया को जानकारी दी गयी, वहीं इसी विद्यालय के 3 होनहार छात्राओं को उपेक्षित किया गया। इसको लेकर जहां ऐसे छात्राओं का मनोबल गिरा हुआ है, वहीं अभिभावकों के मन में तमाम तरह की बातें कौंध रही हैं। फिलहाल इस गलती के लिये कोई भी अपने आपको जिम्मेदार नहीं मान रहा है और सभी एक-दूसरे पर ही इसका ठीकरा फोड़ रहे हैं। बता दें कि यह विद्यालय नगर का डा. रिजवी लर्नर्स एकेडमी है। मालूम हो कि बीते 20 मई को सीबीएसई के 10वीं कक्षा का परीक्षाफल घोषित हुआ जिसमें हमेशा की तरह इस बार भी इस विद्यालय के सभी बच्चों ने अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करते हुये अच्छे अंक के साथ विद्यालय एवं परिवार का नाम रोशन किया। विद्यालय प्रशासन द्वारा अच्छे अंकों के साथ सभी उत्तीर्ण बच्चों के बारे में फोटो सहित मीडिया को जानकारी दी गयी लेकिन 3 छात्राओं को छोड़कर अन्य के बारे में फोटो सहित उत्तीर्ण की जानकारी जनपद के सभी समाचार पत्रों में प्रकाशित हुई। इसकी जानकारी जब वंचित इन छात्राओं को हुई तो वे अवाक रह गयीं तथा परीक्षा देने के बाद से लेकर आज तक उनमें जितनी उत्साह व ऊर्जा थी, वह धरी की धरी रह गयी। बता दें कि विद्यालय प्रशासन की लापरवाही से मीडिया में न आने वाली इन छात्राओं में श्रेया सिंह (ए1 10 सीजीपीए) पुत्री डा. चन्द्रभान सिंह, अपर्णा सिंह सांडिल्य (ए1 10 सीजीपीए) पुत्री नवीन और शिवा सिंह (ए1 10 सीजीपीए) पुत्री प्रहलाद सिंह हैं। अपनी इस सफलता का श्रेय अपने गुरूजनों के साथ माता-पिता को देने वाली छात्राओं में श्रेया ने जहां बड़े होकर सीए बनने की इच्छा जतायी, वहीं दूसरी ओर अपर्णा ने चिकित्सक एवं शिवा ने इंजीनियर बनने की बात कही।
