बारात के लिए तैयार हो रहा था दूल्हा बदमाशों ने मारी गोली
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_3783.html
सोनभद्र. पुलिस थाने से 100 मीटर की दूरी पर कुछ नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक को मंगलवार शाम को गोली मार दी। उसी दिन युवक की शादी थी और वो दूल्हा बन बारात की तैयारी में जुटा था। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर अवस्था में घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां उसकी हालत चिंताजनक देख डाक्टरों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
विंढमगंज थाने से मात्र सौ मीटर की दूरी पर कुछ बदमाशों ने दीपक कुमार नाम के युवक को उस समय गोली मार दिया जब युवक शौच के लिए घर से बहार गया हुआ था। घायल दीपक ने बताया की रोजाना की तरह वह शौच के लिए घर से बहार निकला था कि तभी कुछ नकाबपोश आए जिनकी संख्या लगभग तीन थी। उसमें से एक नकाबपोश ने उसपर गोली चला दिया। शोर की आवाज सुनकर कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भाग रहे बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान बदमाशों के हाथ से तमंचा गिर गया जिसे ग्रामीणों ने अपने कब्जे में कर लिया। हमलावर भागने में सफल रहे।
वहीं घायल के पिता कांशीराम के मुताबिक उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। मंगलवार को दीपक की शादी थी। बरात को ओटारी नगर जाना था। गोली क्यों और किसने मारी उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता। घटनास्थल पर पहुंचे विंढमगंज एसओ भूपेंद्र यादव ने तमंचे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर परिजनों को भरोसा दिया कि घटना का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा ।

