अगले तीन महीने तक नहीं बढ़ेंगे रसोई गैस के दाम: धर्मेद्र प्रधान
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_5709.html
नई दिल्ली। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने बुधवार को कहा कि अगले
तीन महीने तक रसोई गैस की कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। प्रधान ने कहा
कि भविष्य में इस पर फैसला कैबिनेट में विचार-विमर्श के बाद लिया जाएगा।
इससे पहले पेट्रोलियम मंत्रालय सरकार के समक्ष अगले माह से रसोई गैस तथा
कैरोसिन तेल की कीमत में प्रति माह बढ़ोतरी का प्रस्ताव लाने वाला था।
प्रस्ताव के अनुसार रसोई गैस में प्रतिमाह 5 रुपये बढ़ाया जाना था।पेट्रोलियम मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, रसोई गैस की कीमत को हर महीने पांच रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाने पर विचार किया जा रहा था। इसके साथ ही केरोसिन की कीमत में एक रुपये प्रति लीटर की वृद्धि का भी प्रस्ताव था। मौजूदा समय में तेल कंपनियों को केरोसिन पर 32.87 रुपये प्रति लीटर का घाटा उठाना पड़ रहा है। जबकि तेल कंपनियां हर एलपीजी सिलेंडर पर 432 रुपये का घाटा उठा रही हैं। इस हिसाब से डीजल, रसोई गैस और केरोसिन पर 1,01,700 करोड़ रुपये की सब्सिडी देनी पड़ सकती है। इसके आधे हिस्से का प्रावधान बजट से करना पड़ सकता है, जिससे राजकोषीय घाटे को कम करने की सरकार की कोशिशों को झटका लग सकता है।
डीजल कीमत में पिछले एक साल से भी ज्यादा समय से पचास पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की जा रही है। इसे काफी सफल माना जा रहा है। इससे तेल कंपनियों को डीजल पर संभावित घाटे में 45 हजार करोड़ रुपये की कमी हुई है। जबकि पेट्रोल की कीमत को पहले ही बाजार आधारित किया जा चुका है।
