गंगा दशहरा पर आस्था के साथ लोगों ने लगायी डुबकी
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_5366.html
जौनपुर। जनपद में रविवार को गंगा दशहरा का पर्व पूरी आस्था के साथ परम्परागत ढंग से मनायी गयी। पर्व के मद्देनजर जहां लोगों ने गोमती सहित अन्य नदियों में स्नान किया, वहीं पूजा-पाठ करके दीन-दुखियों में दान-पुण्य भी किया। देखा गया कि जिला मुख्यालय के गोपी घाट, विसर्जन घाट, हनुमान घाट, गोकुल घाट, पांचो शिवाला घाट, गूलर घाट, केरारकोट, अचला देवी सहित अन्य घाटों पर लोगों ने आदि गंगा गोमती नदी की पवित्र धारा में डुबकी लगायी। तत्पश्चात् पूजा-पाठ करने के उपरांत गरीबों में दान-पुण्य किया। इसी तरह जनपद की अन्य नदियों में लोगों ने आस्था के साथ डुबकी लगायी। वहीं दूसरी ओर केरारवीर मंदिर सहित अन्य देवस्थलों पर लोगों ने मत्था टेककर मन्नत मांगा।
