मेधावी छात्र की कैंसर से हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_5811.html
जौनपुर। खुटहन क्षेत्र के राउतपुर गांव निवासी प्रितेश गुप्ता की कैंसर की बीमारी से मौत हो गयी जिससे परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी। बता दें कि उक्त गांव निवासी स्व. अनिल गुप्ता का लगभग 18 वर्षीय पुत्र प्रितेश स्थानीय बजरंग इण्टर कालेज घनश्यामपुर का इण्टरमीडिएट का छात्र था जो इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में विज्ञान वर्ग में गणित विषय से 80 प्रतिशत अंक पाकर उत्तीर्ण हुआ था। बीते मई माह में उसकी तबियत खराब होने पर परिजन बीएचयू ले गये जहां जांचोपरांत पता चला कि वह कैंसर बीमारी से ग्रसित है। यहां से उसे पीजीआई लखनऊ के लिये रेफर कर दिया गया लेकिन आर्थिक स्थिति से कमजोर परिजन उसे भर्ती नहीं कराये। घर पर ही वह भयंकर बीमारी से जीवन और मौत से जूझते हुये दम तोड़ दिया। दो भाइयों में प्रितेश बड़ा था तथा दो बहनों में बड़ी की शादी हो गयी है जबकि एक अविवाहित है। 10 वर्ष पहले पिता की मौत से आर्थिक तंगी में आये परिवार में प्रितेश की मौत से इस समय कोहराम मचा हुआ है। परिवार के अलावा पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है।

