शाहगंज में अपराधी पुलिस पर भारी , दिन दहाड़े हो रही है लूट और हत्याये
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_6640.html
शाहगंज (जौनपुर) : एचडीएफसी बैंक से 24.5 लाख रुपये लूट की घटना में अहम सुराग मिलने का कोतवाली पुलिस ने दावा किया है। साथ ही मामले का खुलासा शीघ्र करने का दावा कोतवाली पुलिस कर रही है। दिनदहाड़े सरे राह हवाई फायरिंग करके एचडीएफसी बैंक में व्यापारियों से एकत्र होकर बैंक जाए जा रहे 24.5 लाख रुपये लूटकर बदमाशों ने पुलिस के सामने कड़ी चुनौती खड़ी कर दी। वाराणसी से आए डीआईजी संजय कक्कड़ ने जल्द खुलासे के लिए एसटीएफ, क्राइम ब्रांच, एसओजी व पुलिस की चार टीमें लगाई। लखनऊ से एक्सपर्ट बुलाकर दो अपराधियों का स्कैच भी बनवाया गया। प्रभारी निरीक्षक राजमोहन यादव ने बताया कि अपराधियों के बारे में कुछ अहम सुराग हाथ लगे है। उन्हे चिन्हित करके घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा। देखना है यह होगा कि पुलिस का यह दावा कब तक हकीकत बनता है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ते अपराध से आम जनमानस के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आई है। दवा व्यवसाई धीरज सिंह के घर लूट और हमले में घायल व्यवसाई की पत्नी सुमन सिंह व पुत्री स्वाती सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस इस चुनौतीपूर्ण घटना का खुलासा कर भी नहीं पाई थी कि बीते सोमवार को आजमगढ़ मार्ग पर एचडीएफसी बैंक के सामने से 24.5 लाख रुपये लूट करके पुलिस के सम्मुख बदमाशों ने एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी। देखना यह होगा कि इन दोनों घटनाओं के रहस्य से पर्दा उठाकर पुलिस जनता का विश्वास हासिल कर पाती है या फिर हमेशा की तरह खुलासे का दावा, दावा ही बनकर रह जाता है।

