भगवान विष्णु के रूप में दिखना धोनी को पड़ सकता है महंगा, कोर्ट ने जारी किया अरेस्ट वारंट
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_865.html
एक पत्रिका में छपी तस्वीर में भगवान विष्णु के रूप में दिखाई दे रहे भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। आंध्र प्रदेश की अनंतपुर जिला अदालत ने धोनी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। आदेश के बावजूद कोर्ट में पेश न होने के कारण उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के एक मामले में अदालत धोनी को तीन बार समन भेजकर पेश होने का आदेश दे चुकी थी। इस बार अदालत ने अरेस्ट वारंट जारी करते हुए पुलिस को आदेश दिया है कि उन्हें 16 जुलाई को पेश किया जाए।
दरअसल, अप्रैल 2013 में बिजनेस टुडे मैगजीन ने अपने कवर पेज पर महेंद्र सिंह धोनी की एक तस्वीर प्रकाशित की थी। इसमें उन्हें हिंदू देवता 'विष्णु' के रूप में दिखाया गया था। धोनी जिन प्रोडक्ट्स का विज्ञापन करते हैं, ऐसे कई प्रोडक्ट्स उन्हें अलग-अलग हाथों में लिए दिखाया गया था। आपत्तिजनक बात यह थी कि उनके एक हाथ में जूता भी था।
विश्व हिंदू परिषद से जुड़े अनंतपुर के वाई श्याम सुंदर ने इसी साल फरवरी में महेंद्र सिंह धोनी पर हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करा दिया था।


