
जौनपुर। गौराबादशाहपुर क्षेत्र के चोरसण्ड गांव में स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार के लिये गुरूवार को भूमि पूजन हुआ जहां देवी/देवताओं के जयघोष से पूरा वातावरण गूंजायमान हो उठा। इस अनुष्ठान को क्षेत्रीय लोगों की उपस्थिति में विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह एवं बजरंग दल के विभाग संयोजक अजय पाण्डेय ने किया। पदाधिकारीद्वय ने विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा किया जिसके बाद मंदिर के जीर्णोद्धार के लिये भूमि पूजन किया एवं स्वयं एक-एक ईंट रखकर अनुष्ठान की आधारशिला रखी। इस मौके पर श्री सिंह ने कहा कि राष्ट्र, धर्म व भारतीय संस्कृति के विकास एवं उसके संरक्षण व सुरक्षा से ही देश का विकास संभव है। इसी क्रम में श्री पाण्डेय ने कहा कि विश्व में कोई ऐसा देश नहीं है जिसे माता कहा जाता हो परन्तु एक हमारा राष्ट्र है जिसे हम भारत माता कहते हैं। धार्मिक अनुष्ठान की अध्यक्षता संत श्री रघुनाथ दास जी एवं संचालन मनीष मौर्य ने किया। इस अवसर पर प्रशांत उपाध्याय, संत बेचन राम, श्रीनाथ यादव, सभाजीत कन्नौजिया सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।