रोडवेज परिसर में पानी की टंकी के पास मिली साधु की लाश
https://www.shirazehind.com/2014/07/blog-post_78.html
जौनपुर। नगर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रोडवेज परिसर में शुक्रवार को एक साधु मृत अवस्था मिला जिसकी जानकारी होने पर हड़कम्प मच गया। किसी के द्वारा सूचना देने पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 45 वर्षीय एक साधु स्थानीय रोडवेज परिसर मंे पहुंचा जिसके हाथ में केवल एक छोटा सा झोला था। वह पूछताछ केन्द्र के ठीक बगल स्थित टंकी पर पानी पी रहा था कि अचानक गिर गया और यह देख जब तक आस-पास के लोग उसके पास पहुंचकर कुछ करते, उसकी मौत हो गयी। देखते ही देखते मौके पर काफी लोगों की भीड़ एकत्रित हो गयी। किसी के द्वारा सूचना देने पर लाइन बाजार थानान्तर्गत टीडी कालेज पुलिस चैकी के प्रभारी बालेन्द्र यादव मयमोर्स मौके पर पहुंचे और काफी देर तक शिनाख्त प्रक्रिया चलवाने के बाद पहचान न होने पर मृतक के शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसके झोले में कुछ कपड़ों के अलावा कुछ नहीं मिला तथा रोडवेज के किसी गाड़ी से यहां उतरकर पानी पी रहा था कि अचानक गिरने से उसकी मौत हो गयी। समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
