मछलीशहर संसदीय क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए छह सौ करोड़ रुपया स्वीकृत
https://www.shirazehind.com/2014/08/blog-post_982.html
जौनपुर। जनपद ही नहीं पूरे प्रदेश में विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। कहीं पर भी सात-आठ घंटे विद्युत सप्लाई नहीं हो पा रही है। केवल मुख्ममंत्री के परिवार के संसदीय क्षेत्र को छोड़कर पूरा प्रदेश समस्या से ग्रस्त है। केंद्र सरकार द्वारा मछलीशहर संसदीय क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए छह सौ करोड़ रुपया स्वीकृत किया गया है जिसमें 200 मेगावाट विद्युत उत्पादन भी सम्मिलित है। उक्त बातें क्षेत्रीय सांसद रामचरित्र निषाद ने मंगलवार को खुज्झी मोड़ पर आयोजित एक कार्यक्रम में कही।
सांसद ने कहा कि विद्युत व्यवस्था में सुधार हेतु लगातार विभाग के अधिकारियों से वार्ता की जा रही है लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिल रहा है। किसान परेशान हैं। एक तरफ सूखा तो दूसरी तरफ बिजली नदारद। उन्होंने जिलाधिकारी व विद्युत विभाग के आलाधिकारियों से चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जनता के सब्र की परीक्षा न लें। कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बदतर स्थिति में पहुंच गई है। पुलिस मनमाना हो गई है।
सांसद श्री निषाद ने बताया कि जनपद में कई स्थानों पर खारे पानी की समस्या है। इसके लिए जलनिगम व वाटर रिसोर्सेज विभाग से वार्ता चल रही है, शीघ्र ही खारे पानी से लोगों को निजात मिल जाएगी। राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत संसदीय क्षेत्र का हर गांव संतृप्त किया जाएगा। केराकत में रेलवे आरक्षण केंद्र खोले जाने की मांग केंद्र सरकार के सामने रखी गई है। इस अवसर पर डा.विजय चंद पटेल, राजेंद्र सिंह, विनोद सिंह, कपिल सिंह आदि मौजूद रहे।

