जयघोष के साथ मां लक्ष्मी-सरस्वती-गणेश की प्रतिमाएं विसर्जित
https://www.shirazehind.com/2014/10/blog-post_392.html
जौनपुर। श्री लक्ष्मी पूजा महासमिति के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बने पण्डाल में स्थापित मां लक्ष्मी, मां सरस्वती एवं भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार की रात आदि गोमती नदी के बगल बनाये गये कुण्ड में हुआ जहां जयघोष से पूरा वातावरण गूंजायमान रहा। इसके पहले समस्त प्रतिमाएं अहियापुर मोड़ पर पहुंचीं जहां अपर आरक्षी अधीक्षक (नगर) रामजी सिंह यादव ने सबसे आगे की प्रतिमा के समक्ष पूजा-पाठ करके हरी झण्डी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। यहां से चली शोभायात्रा सुतहट्टी बाजार, सब्जी मण्डी, कोतवाली चैराहा, चहारसू, शाही पुल, ओलन्दगंज, कजगांव पड़ाव होते हुये नखास पहुंची। शोभायात्रा में प्रतिमाओं के अलावा आकर्षक झांकियां रहीं जो लोगों के लिये आकर्षण का केन्द्र बनी रहीं। उधर कोतवाली चैराहे पर बने नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन एएसपी श्री यादव द्वारा किया गया। नियंत्रण कक्ष पर मौजूद निर्णायक मण्डल के सदस्य हरिद्वारी विश्वकर्मा एडवोकेट, डा. भइया जी वर्मा, विन्ध्याचल सिंह एडवोकेट प्रतिमाओं व झांकियों का अवलोकन कर गोपनीय ढंग से नम्बर दे रहे थे। शोभायात्रा को आगे बढ़ाने का कार्य अध्यक्ष डा. राम नारायण सिंह सहित चन्द्रशेखर निषाद बबलू, लाल बहादुर यादव, डा. कमलेश, सूरज निषाद, राजेश साहू सहित अन्य कर रहे थे। वहीं विसर्जन घाट पर शिवचरन निषाद, लालमन निषाद, बलराम निषाद, अंकित सिंह अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। कोतवाली चैराहे पर नियंत्रण कक्ष से मेले के संचालन की जिम्मेदारी संस्थापक सुशील वर्मा एडवोकेट के जिम्मे थी। इस अवसर पर जहां तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी चक्रमण कर रहे थे, वहीं रामजी जायसवाल, राजकुमार विश्वकर्मा, मुरारी पंडित, संजय अस्थाना, चन्दन सिंह, दीपक चिटकारिया, शुभांशू जायसवाल, संजय शुक्ला, अंकित जायसवाल, वैभव जायसवाल, योगेश जायसवाल सहित अन्य लोग लगे हुये थे। अन्त में महासचिव रामजी जायसवाल ने समस्त आगंतुकांे सहित सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
