हिन्दू महासम्मेलन को लेकर विहिप व बजरंग दल ने की तैयारी बैठक
https://www.shirazehind.com/2014/12/blog-post_0.html
जौनपुर। विश्व हिन्दू परिषद के स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर आगामी 28 दिसम्बर दिन रविवार को विशाल हिन्दू महासम्मेलन का आयोजन सुनिश्चित हुआ है जिसको लेकर विहिप, बजरंग दल सहित अन्य हिन्दूवादी संगठनों द्वारा तैयारी भी शुरू कर दी गयी है। इसी क्रम में बुधवार को विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल की संयुक्त बैठक नगर के गूलर घाट स्थित ऐतिहासिक रामजानकी मंदिर के प्रांगण में हुई जिसकी अध्यक्षता मठ मंदिर प्रमुख पं. रामप्रीति मिश्र ‘फलाहारी महाराज’ ने किया। इस मौके पर बजरंग दल के काशी प्रान्त के संयोजक तरून शुक्ल ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुये बताया कि उक्त महासम्मेलन नगर के टीडीपीजी कालेज के महाराणा प्रताप व्यायामशाला के मैदान पर आयोजित होगा। उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये सम्पर्क टोली का गठन किया गया जिसमें प्रान्तीय सह संयोजक महेश जी, विभाग उपाध्यक्ष डा. घनश्याम, जिला संयोजक विनय मौर्य, विभाग संयोजक अजय पाण्डेय, आचार्य रवीन्द्र द्विवेदी, रमेश मिश्र, अरविन्द मिश्र को शामिल किया गया है। श्री शुक्ल ने बताया कि टोली में शामिल लोग हिन्दू समाज के प्रत्येक घर जाकर महासम्मेलन में हिस्सा लेने की अपील करेंगे। अन्त में सर्वसम्मत से कर्मठ कार्यकर्ता रविन्द्र द्विवेदी व रमेश मिश्र को नगर उपाध्यक्ष और अरविन्द मिश्र को नगर संयोजक के लिये नामित किया गया जिस पर उपस्थित सभी लोगों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल सहित अन्य हिन्दूवादी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
