नाली के विवाद में मनबढ़ पड़ोसियों ने फावड़े से किया हमला
https://www.shirazehind.com/2014/12/blog-post_81.html
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शाहगंज मार्ग पर स्थित पचहटियां के पास गुरूवार को एक दुकानदार व उसके परिजनों सहित 5 लोगों को गांव के ही कुछ मनबढ़ लोगों ने फावड़े से मारकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। मामला नाली विवाद का बताया जा रहा है जिसको लेकर एक पक्ष का आरोप है कि इसकी सूचना कई बार थानाध्यक्ष सहित उच्चाधिकारियों से की जा चुकी है लेकिन उनके कान पर जूं नहीं रेंगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार शीतला चैकियां के विशेषरपुर गांव निवासी अशोक मौर्य 45 वर्ष की शाहगंज मार्ग पर पचहटियां के पास चाय व मिठाई की दुकान है। आरोप है कि विगत दिनों से पड़ोसी उसके दुकान के सामने नाली का पानी बहा रहे हैं जिसका उसने विरोध करने के साथ ही थानाध्यक्ष समेत उच्चाधिकारियों से किया। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसके चलते पड़ोसी आये दिन अपनी मनमानी करते रहे। आलम यह हुआ कि गुरूवार को अशोक मौर्य अपनी दुकान पर बैठा था कि तभी 10-12 की संख्या में गुट बनाकर आये पड़ोसियों ने उसके ऊपर फावड़े से प्रहार कर दिया जिससे वह लहुलूहान होकर वहीं गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आये उसके पिता फूलचन्द्र मौर्य 70 वर्ष, पुत्र नीतेश 18 वर्ष, धीरज 19 वर्ष और रवि 20 वर्ष को भी फावड़े से मारकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया गया। क्षेत्रीय लोगों की मदद से आनन-फानन में सभी घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां फूलचन्द्र की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं घायल पक्ष की तरफ से थाना पुलिस को अवगत करा दिया गया है।
