157 वोटर करेंगे 20 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
https://www.shirazehind.com/2015/03/157-20.html
जौनपुर। बदलापुर तहसील के अधिवक्ता संघ का चुनाव सोमवार को है। विजय पताका फहराने के लिए प्रत्याशियों ने जहां पूरी ताकत झोंक दी है वहीं चुनाव अधिकारी सकुशल चुनाव सम्पन्न कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देते रहे। चुनाव के चलते अवकाश होने के बाद भी तहसील में चहल-पहल रही। बुद्धिजीवियों के इस चुनाव में 157 वोटर 20 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
अधिवक्ताओं के होने वाले चुनाव में अध्यक्ष पद पर दो, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर दो, महामंत्री हेतु तीन, कनिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए 2, कोषाध्यक्ष पद पर तीन, संयुक्त मंत्री हेतु 2 तथा 6 लोग सदस्य पद हेतु मैदान में हैं। प्रत्याशियों द्वारा अपने पक्ष में मतदान करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी गई है। हर हथकंडे अपनाकर मैदान मारने की जुगत में हैं। बाहरी लोगों की नजर भी अधिवक्ताओं के चुनाव पर गड़ी हुई है। कहीं-कहीं ये लोग भी अमुक वकील को जिताने की अपील कर रहे हैं। फिलहाल जो भी हो 24 घंटे बाद परिणाम सबके सामने होगा।
चुनाव अधिकारी द्वय अशोक कुमार तिवारी व विनोद कुमार ¨सह ने बताया कि होने वाले चुनाव की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बैलेट पेपर का मिलान कर लिया गया है। मतदान सुबह 10 बजे से 3 बजे तक होगा तथा मतगणना 3.30 बजे से शुरू होगी। इसके बाद परिणाम घोषित होगा।