M.M.M.U.T के SBI अकाउंट से जालसाजी कर निकाले गए 25 लाख रुपए
https://www.shirazehind.com/2015/05/mmmut-sbi-25.html
गोरखपुर। जालसाजों द्वारा बैंक से फर्जी तरीके से धनराशि
निकालने के मामलों को लेकर गोरखपुर में हड़कंप मचा हुआ है। लगातार हुई दो
घटनाओं से प्रशासन भी सकते में है। शनिवार को मदन मोहन मालवीय यूनिवर्सिटी
ऑफ टेक्नॉलजी के अकाउंट से जालसाजों ने फर्जी चेक के जरिए 24.80 लाख रुपए
निकाल लिए। मामलों को लेकर बैंक अपनी इंटरनल जांच कर रहा है, जबकि
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की
है। इससे पहले शुक्रवार को शहर की कॉरपोरेशन बैंक शाखा से एक व्यापारी के
खाते से 28.60 लाख रुपए निकाल लिए गए थे।
यूनिवर्सिटी का एसबी अकाउंट एसबीआई की एमएमएमयूटी शाखा में है।
जालसाजों ने एमएमयूटी के अकाउंट से 20 से 28 अप्रैल के बीच फर्जी चेक के
जरिए मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, यूपी के झांसी सहित सात स्थलों पर
स्थित बैंकों से 24.80 लाख की धनराशि निकाल ली। सूत्रों से मिली जानकारी के
मुताबिक, 20 अगस्त को जब पहली बार अकाउंट से पैसे निकाले गए तभी ब्रांच
मैनेजर को इसकी जानकारी हो गई थी। मैनेजर ने इसकी जानकारी अपने
उच्चाधिकारियों और एमएमएमयूटी प्रशासन को दी। साथ ही अकाउंट पर लगातार नजर
रखी जा रही है।
आपको बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को गोरखपुर की कॉरपोरेशन बैंक में
फर्जीवाड़ा सामने आया था। एक उपभोक्ता के बचत खाते से फर्जी तरीके से किसी
ने करीब 28 लाख साठ हजार रुपए निकाल लिए थे। साहबगंज के व्यापारी विनोद
कुमार जालान का खाता कॉरपोरेशन बैंक सिनेमा रोड में है। यह खाता हिंदू
अविभाजित परिवार श्रेणी का है। विनोद कुमार ने बताया कि उनके नाम से किसी
ने चेक बुक इश्यू कराया। वह भी सादे कागज पर लिखे आवेदन के आधार पर यह चेक
बुक दे दिया गया। इसी के जरिए फर्जी हस्ताक्षर से पैसा निकाला गया।
फिलवक्त पुलिसिया सख्ती के बाद कॉरपोरेशन बैंक के प्रबंधक ने व्यापारी
का पैसा शनिवार को वापस कर दिया। पूरे प्रकरण में लखनऊ और वाराणसी से आई
पांच सदस्यीय बैंक की टीम जांच कर रही है। इस टीम में लखनऊ और वाराणसी के
दो लीगल एडवाइजर भी शामिल हैं। बैंक मैनेजर रद्वेश कुमार सिन्हा ने कहा कि
उक्त प्रकरण में अज्ञात जालसाज के खिलाफ बैंक मुकदमा दर्ज कराएगा।

