जमीनी विवाद में मारपीट, चार घायल, बचाव में ताबड़तोड़ हुई फायरिंग
https://www.shirazehind.com/2015/08/blog-post_259.html
जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के लतीफपुर गांव में सोमवार को विवादित जमीन से ठेला ले जाने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गयी जिसमें एक पक्ष से 4 लोग घायल हो गये। मारपीट के दौरान एक पक्ष से कई राउण्ड फायरिंग भी की गयी जिससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। हालांकि पुलिस ने दो आरोपितों को फायर में प्रयोग असलहा के साथ गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव में मुन्नी लाल बिन्द व तेजू बिन्द के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। एक पक्ष द्वारा विवादित जमीन पर निर्माण कराये जाने पर दूसरे पक्ष ने विरोध किया था जिसे लेकर बीते 28 अगस्त को एक पंचायत हुई थी। आज एक पक्ष का कोई सदस्य उसी विवादित रास्ते से ठेला लेकर जा रहा था कि दूसरे पक्ष द्वारा विरोध करने पर मारपीट हो गयी। इसमें एक पक्ष से अखिलेश 24 वर्ष, कैलाशपत्ती 22 वर्ष, उर्मिला 45 वर्ष, नन्हका देवी 60 वर्ष घायल हो गयी। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सोंधी में भर्ती कराया। वहीं दूसरी ओर बताया जा रहा है कि मारपीट की सूचना पर मौके पर पुलिस के पहुंचते ही एक पक्ष ने ताबड़तोड़ फायर झोंक दिया। फायर की आवाज से पुलिस पीछे हट ली। हालांकि बाद में फायर करने में प्रयुक्त अवैध असलहे के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष त्रिलोकी सिंह ने बताया कि हिरासत में लिया गया आरोपी अपने बचाव में फायर करने की बात कह रहा है। जिस असलहे को पुलिस ने बरामद किया है, वह भरुआ बन्दूक है जिसमें बारूद भरकर चिडि़या मारने के काम में लाया जाता है। आरोपित के अनुसार उसने स्वयं बनाया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। वहीं दूसरी ओर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
