समाजवादी पेंशन के लिए साक्षर बनने की होड़
https://www.shirazehind.com/2015/08/blog-post_668.html
जौनपुर। साक्षरता के लिए तमाम योजनाओं और उन पर अरबों खर्च करने पर भी जो कारनामा नहीं हुआ वह समाजवादी पेंशन की ललक ने कर दिखाया। निरक्षर के साक्षर बनने पर 50 रुपये अतिरिक्त पेंशन पाने की व्यवस्था ने साक्षर बनने की होड़ पैदा कर दी। भारत साक्षरता मिशन इसकी गवाही दे ही है और एक साल में ही चार गुने से अधिक निरक्षर ने कलम थाम कर साक्षर बनकर दिखाया। विभाग का भी सीना चैड़ा हो गया है और अब तो सभी को साक्षर बनाने का दावा किया जा रहा है। साक्षरता बढ़ाने के लिए शासन प्रशासन स्तर से न जाने कितने प्रयास हुए। कभी प्रौढ़ शिक्षा केंद्र संचालित किए गए तो कभी वैकल्पिक शिक्षा चलाई गई। तमाम कोशिशें कलम नहीं पकड़ा सकी लेकिन समाजवादी पेंशन योजना ने यह कमाल करके दिखाया है। प्रदेश सरकार की समाजवादी पेंशन योजना में व्यवस्था की गई कि जिसके घर में सभी साक्षर और बच्चों को टीकाकरण आदि कराते होंगे उस पेंशन धारक को 50 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। 500 रुपये से शुरू की गई योजना की शर्ते पूरी करने वालों की हर वर्ष 50 रुपये बढ़ाकर अधिकतम 750 रुपये तक पहुंच जाने की योजना है और इन्हीं 50 रुपये की ललक ने पौढ़ ही नहीं बुजुर्गों तक को कलम थमा दी।
