सात और दस सितंबर को वजन दिवस का आयोजन
https://www.shirazehind.com/2015/08/blog-post_698.html
जौनपुर। सात और दस सितंबर को जिले में वजन दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस दिन सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर संबंधित गांव के शून्य से पांच वर्ष आयु तक के बच्चों का वजन किया जाएगा। वजन के आधार पर ही बच्चों के कुपोषित और अतिकुपोषित होने का निर्णय लिया जाएगा। वजन दिवस के आयोजन के लिए प्रदेश के मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश भी जारी कर दिए हैं। बीते वर्ष एक नवंबर को राज्य पोषण मिशन की शुरुआत की गई थी। मिशन के तहत कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों की संख्या में सुधार लाने की कोशिश की जानी थी। यह कोशिश चल भी रही है। अब इसे और रतार देने की कवायद शासन से शुरू हुई है। इसी को लेकर अब वजन दिवस का आयोजन किए जाने का निर्णय लिया गया है। सात और 10 सितंबर को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के ताले सुबह आठ बजे हर हाल में खुल जाएंगे। संबंधित कार्यकत्री और सहायिकाएं गांव के हर ऐसे बच्चे जिसकी आयु शून्य से पांच वर्ष के बीच है को केंद्र पर लाएंगी व उनका वजन करेंगी। इस कार्य की निगरानी के लिए सेक्टर अधिकारी भी तैनात करने के निर्देश मुख्य सचिव आलोक रंजन ने सभी जिलाधिकारियों को दिए हैं। इसके अलावा 11 या 14 सितंबर को भी अतिरिक्त वजन दिवस का आयोजन करने के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त वजन दिवस में छूट गए बच्चों का वजन कराया जाएगा।
