
जौनपुर। मछलीशहर कोतवाली थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बे में सड़क के किनारे चल रहे निर्माण कार्य के दौरान मंगलवार को अचानक एक पोल गिर गया जिसकी चपेट में आने से उधर से मोटरसाइकिल से गुजर रहे 3 लोग घायल हो गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय कस्बे में निर्माण कार्य चल रहा है कि आज सुबह अचानक एक पोल गिर गया। इसी दौरान उधर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे 3 लोग उसकी चपेट में आकर घायल हो गये। दुर्घटना के बाद तीनों घायलों को उपचार हेतु स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया जहां हालत नाजुक देखते हुये जिला अस्पताल के लिये रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर इसके विरोध में ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया जिसके चलते जौनपुर-इलाहाबाद मार्ग का आवागमन बाधित हो गया। हालांकि बाद में पहुंचे प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी के आश्वासन पर किसी तरह जाम समाप्त हुआ। समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की कोई पुलिसिया कार्यवाही नहीं हो सकी थी।