आपराधिक घटनाओं पर एकजुट हों सभी व्यापारी संगठनः सूर्य प्रकाश जायसवाल
https://www.shirazehind.com/2015/09/blog-post_419.html
जौनपुर। उत्तर प्रदेश व्यापार मण्डल के प्रदेश मंत्री व मैहर मंदिर के महंथ सूर्य प्रकाश जायसवाल ने बढ़ती आपराधिक घटनाओं विशेषकर व्यापारियों के साथ हो रही वारदातों पर चिंता व्यक्त करते हुये कारगर कार्यवाही की अपेक्षा किया है। इस मुद्दे पर सभी व्यापारी संगठनों से एकजुट होने की अपील करते हुये उन्होंने मछलीशहर के किराना व्यवसायी विनोद जायसवाल की दिनदहाड़े हत्या के बाद हुई लाखों की लूट का जिक्र करते हुये व्यापारी नेता सभी संगठनों को सूचना भेजकर इस विषय में विचार-विमर्श हेतु आपात बैठक बुलायी है। श्री जायसवाल ने कहा कि हत्या, लूट, डकैती, छिनैती आदि की लगातार बढ़ रही वारदातों से व्यापारी समुदाय स्वयं को बेहद असुरक्षित महसूस कर रहा है। प्रदेश का व्यापारी समुदाय वर्षों से सिर्फ आश्वासन के आसरे किसी प्रकार अपना काम चला रहा है लेकिन अब हालात दिनोंदिन खराब होते जा रहा है और बिना ठोस कार्यवाही के स्थिति सुधरने वाली नहीं है। उन्होंने बताया कि इसके पहले बेहद गम्भीर व संवेदनशील विषय पर वार्ता हेतु व्यापार मण्डल आरक्षी अधीक्षक से मिल चुका है जिस पर उन्होंने आश्वासन भी दिया था लेकिन सब कुछ ‘ढाक के तीन पात’ है। अन्त में श्री जायसवाल ने कहा कि अब व्यापारियों के समक्ष एकजुट होकर एक स्वर से हालात का शान्तिपूर्ण प्रतिरोध करने के अतिरिक्त कोई दूसरा मार्ग नहीं है। इसके लिये संयुक्त रूप से विचार-विमर्श करके आगे की रणनीति बनायी जायेगी।

