अवैध खनन के लिए रखे विस्फोटक में धमाका, 7 लोगों की मौत, 4 घायल
https://www.shirazehind.com/2015/10/7-4.html
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में गुरुवार को ओबरा
में अवैध खनन के लिए रखे विस्फोटक में धमाका हो गया। इसमें सात लोगों की
मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि मारकुंडी खनन
इलाके में पहाड़ से अवैध रूप से पत्थर तोड़ने का काम होता है। यहां
विस्फोटक स्टोर कर रखा गया था जिसकी वजह से ये धमाका हुआ। धमाका होने से
आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। बता दें, सोनभद्र में साल 2012 के
बाद ये दूसरी घटना है। अपर जिलाधिकारी ने इसे भारी चूक बताते हुए दोषियों
को चिन्हित कर कार्रवाई करने की बात कही है।
खदान में विस्फोट होते ही ओबरा सीओ, ओबरा एसओ विरेंद्र यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही आसपास के पुलिस स्टेशन से भी पुलिस फोर्स भी बुला ली गई है। ऐहतिहात के तौर पुलिस ने इलाके को खाली करा लिया। साथ ही रेस्क्यू टीम भी राहत कार्य में जुट गई है।
प्रशासन की संजीदगी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जांच के लिए पहुंचे अधिकारियों को श्रमिकों के घर में शरण लेनी पड़ी।
इसके पहले साल 2012 में सोनभद्र के ओबरा इलाके में ही पहाड़ से पत्थर तोड़ने के दौरान धमाका हुआ था। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग घायल हो गए थे। प्रशासन के मुताबिक, इस इलाके में काफी बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से पहाड़ों से पत्थर तोड़ने का काम होता है।
इस बारे में स्थानीय बीजेपी नेता धर्मवीर ने कहा, "सोनभद्र हादसा पुलिस और प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने दोषी लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने, मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए और घायलों को 2 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की मांग की है।

