महिला दारोगा को दबंगों ने पीटा, डेयरी के सामने गाड़ी खड़ी करने पर विवाद
https://www.shirazehind.com/2015/10/blog-post_299.html
आगरा। दुकान के सामने कार खड़ी करने पर दबंगों ने महिला दारोगा
को पीट डाला। उसके मुंह से खून आने लगा। इसके बाद दारोगा ने भी दबंगों पर
जवाबी हमला किया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया।
दारोगा भूनेश्वरी देवी फिरोजाबाद में तैनात हैं। वह शुक्रवार देर शाम
को परिवार सहित अपनी नानी को राजपुर चुंगी स्थित एक हॉस्पिटल में इलाज
करवाने पहुंची थीं। वह सादी वर्दी में थीं। कार सड़क पर खड़ी कर दी। सामने
डेयरी थी। डेयरी मालिक रोहित ने गाड़ी खड़ी करने पर एतराज जताया। दरोगा ने
इसे नजरअंदाज किया तो रोहित ने महिला दरोगा की पिटाई कर दी।
कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की भी कोशिश की। इस दौरान महिला दरोगा के
रिश्तेदारों से भी अभद्रता हो गई। बाद में पुलिस ने डेयरी संचालक रोहित और
उसके नौकर सहित चार लोगों को हिरासत में ले लिया। इस घटना को लेकर महिला
दरोगा ने बोलने से मना कर दिया है। उसने कहा कि उसके परिवार के सदस्य ने
पुलिस को तहरीर दी है। दूसरी ओर एसपी सिटी आरके सिंह ने बताया कि डेयरी
मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

