शिराज-ए-हिन्द महोत्सव में कलाकार की प्रतिभा देख मंच से हुआ एलान
https://www.shirazehind.com/2016/02/blog-post_164.html
जौनपुर। यूपी चाइल्ड लाइन 1098 की ब्राण्ड एम्बेसडर अंकिता वाजपेयी को जल्द ही मुम्बई की फिल्मी दुनिया के रुपहले परदे पर अपना अभिनय व कला दिखाने का मौका मिलेगा। साथ ही उसको प्रोत्साहित करने हेतु समय-समय पर प्रशिक्षण देने का काम भी किया जायेगा। उक्त बातें जन-गण-मन संस्था द्वारा आयोजित 9वें शिराज-ए-हिन्द महोत्सव में शामिल होने पहुंचे मुम्बई में उद्यमी संजय सिंह ने कही। इसके पहले लगभग 13 वर्षीय अंकिता वाजपेयी ने अपनी कला से लोगों को मंत्र-मुग्ध कर दिया था। यही नहीं, कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव व प्राचार्य डा. अब्दुल कादिर खां ने इस कलाकार के हुनर की प्रशंसा करते हुये उसे हरसंभव मदद करने का वादा करते हुये उसे सम्मानित किया। श्री सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कलाकारों की कमी नहीं है। जरुरत है तो उनके अंदर छिपी प्रतिभाओं को निखारने की। इस महोत्सव में जिस तरह से कलाकारों ने अपना कार्यक्रम पेश किया है, वे काबिले तारीफ है। अंकिता को संस्थाध्यक्ष असलम शेर खान, फैसल हसन तबरेज, हसनैन कमर दीपू, शकील मुमताज, आशीष चैरसिया ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्था के तमाम पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

