योजना का क्रियान्वयन की दी जानकारी
https://www.shirazehind.com/2016/07/blog-post_658.html
जौनपुर। सुइथाकला विकास खण्ड के ग्राम पंचायत विकास योजनान्तर्गत विकास खंड के प्रधान एवं नियोजन समिति के सदस्यों का दो दिवसीय प्रशिक्षण विकासखण्ड स्थित सभागार में सम्पन्न हुआ। जीपीडीपी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लाक प्रमुख मिथिलेश यादव ने किया। प्रमुख ने कहा कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनायें गंगा के समान पावन होती हैं,इसलिए भगीरथ की तरह उदार होकर हमें योजनाओं का क्रियान्वन करना चाहिए। समाज के निर्बल, कमजोर, गरीब एवं असहाय लोगों के जीवनस्तर को उठाकर हीं हम सर्वांगीण विकास की परिकल्पना कर सकते हैं, और समाज में समरसता का भाव स्थापित करने में समर्थ हो सकते हैं। ग्राम विकास योजना के प्रशिक्षक डॉ.मनोज कुमार सिंह द्वारा उपस्थित ग्राम प्रधान तथा नियोजन समिति के सदस्यों को चरणबद्ध ढंग से रिसोर्स ग्रुप, ग्राम सभा का आयोजन,पारिस्थितिक विश्लेषण ग्राम पंचायत की बैठक का आयोजन,ग्राम सभा की परिकल्पना एवं मुद्दों का प्राथमिकीकरण करना,ड्राफ्ट प्लान तैयार करना,परियोजना निर्माण, कमेटी की बैठक, ग्राम सभा से अनुमोदन,योजना का क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण आदि विषयों पर प्रशिक्षण के साथ जानकारी दी गयी। प्रशिक्षण अवधि में सुइथाकला विकास खंड के प्रधान संघ के अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने भी विकास कार्यों के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी रवींद्र वीर यादव, एडीओ पंचायत धर्म नारायण पाण्डेय,एडीओ कृषि देवी प्रसाद वर्मा,बाल विकास परियोजना अधिकारी पियूष चन्द्र, भरत राज,चन्द्र देव मिश्रा , धान एवं नियोजन समिति के सदस्य गण उपस्थित रहे।

