मां के आंचल में सो रहे गायब बच्चे का कोई सुराग नही
https://www.shirazehind.com/2016/07/blog-post_824.html
जलालपुर (जौनपुर)
पुलिस लाख कवायद कर ले परंतु ढाक के वही तीन पात की कहावत इन दिनों हौज
गांव में चरितार्थ हो रही है। मां के आंचल में सो रहा मात्र 15 दिन का
नवजात शिशु का 2 दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई अहम सुराग पुलिस के हाथ
नहीं लगा है। वही बच्चे की मां तथा परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। रह
रह कर बच्चे की मां सोनी बेहोश हो जा रही है। अब तो परिजनों तथा ग्रामीणों
का विश्वास भी पुलिस से उठता नजर आ रहा है तथा उक्त घटना को लेकर परिजनों
तथा ग्रामीणों में पुलिस के रवैए के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है ।पुलिस
सूत्रों की माने तो अब पुलिस बच्चे के पिता को ही शक के दायरे में लेकर
जांच पड़ताल में जुटी हुई है ।कहीं बच्चे को गायब करने वाला बच्चे का पिता
गुड्डू तो नहीं। क्योंकि घटना के तीन चार दिन पूर्व पति-पत्नी में किसी बात
को लेकर झगड़ा हुआ था ।विवाद इतना बढ़ गया कि गुड्डू घर छोड़कर कहीं चला
गया ।इसी बीच रात्रि में मां के आंचल में सोया हुआ बच्चा गायब हो जाना
पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। हलाकि पुलिस शक के दायरे में बच्चे के
पिता सहित कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है और शीघ्र ही बच्चे को बरामद
करने का दावा कर रही है।

