सामान हड़प कर दबंगई कर रहा कोटेदार
https://www.shirazehind.com/2016/08/blog-post_155.html
जौनपुर। कोटेदारों की धांधली थमने का नाम नहीं ले रही है। ग्रामीणों को उनके हक का सामान नहीं मिल पा रहा है बल्कि उसे कालाबाजारी कर दी जा रही है। शाहगंज तहसील के खुटहन विकास खण्ड के फतेहगढ़ ग्राम वासियों ने उपजिलाधिकारी शाहगंज को सामूहिक रूप से प्रार्थना पत्र देकर कोटेदार की धांधली की जांच कराकर कठोर कार्यवाही करने की मांग की है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को बताया कि ग्राम सभा फतेहगढ़ के कोटेदार अजय कुमार सिंह पुत्र अम्बिका प्रसाद सिंह राशन का वितरण अपने निवास स्थान पर करते हैं। राशन का कुछ अंश देकर बताते हैं कि विभाग से कटौती कर ली गयी है। अन्य सामग्री के लिए साफ इन्कार कर देते है। कभी भी चीनी का वितरण नहीं किया जाता। मिट्टी का तेल निर्धारित दर से अधिक कीमत लेकर देते हैं। गरीब और पात्र व्यक्तियों को कुछ भी न देकर दबंगई से डांट कर भगा दिया जाता है। उन्होने मांग किया कि सक्षम अधिकारी से जांच कराकर कोटेदार के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाय। इस अवसर पर रोमजोर, सुखई, राम चन्द्र, प्रदीप कुमार, हौसिला बिन्द, रामजीत, सुखराम, बनवारी, भुल्लन, सरोजा, रीता, कौशिल्या, धनराज सहित कई दर्जन ग्रामीण मौजूद रहे।
