छात्रा को अगवा करने की कोशिश विफल
https://www.shirazehind.com/2016/08/blog-post_448.html
जौनपुर। जिले के रामपुर में रविवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक छात्रा को अगवा कर लिया। छात्रा ने शोर मचाया तो वे उसे छोड़ कर भागे। बाजार वासियों ने पीछा किया लेकिन बदमाश फरार हो गये। इस वारदात ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़ा कर दिया है। बताते हैं कि आठ वर्षीय छात्रा कस्बे के प्राइमरी स्कूल के पास से कहीं जा रही थी। तभी उसके पास एक बाइक पर सवार दो बदमाश आकर रुके। छात्रा को टाफी देने लगे तो उसने इंकार कर दिया। युवकों ने उसके मुंह पर गमछा रख उसे बेहोश कर दिया। फिर बाइक पर बिठा कर जाने लगे। थोड़ी दूर जाने पर कोई दवा पिलाने लगे तो उसे होश आ गया। छात्रा ने शोर मचाया तो बाजार वासियों की नजर पड़ी। कुछ लोग दौड़े तो बदमाश उसे छोड़कर भागे। परिजनों को सूचना मिली तो वह भी मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना थाने पर दे दी गई है।

