चेहलुम तेरा करने को आयी है जैनब...
https://www.shirazehind.com/2016/11/blog-post_438.html
जौनपुर। नगर के विभिन्न मोहल्लों में स्थित इमाम चौकों पर शनिवार की रात चेहलुम के अवसर पर मजलिस का आयोजन किया गया। इसके बाद अंजुमनों ने नौहा, मातम कर ताजिया रखा। पानदरीबा मोहल्ला स्थित इस्लाम चौक पर शनिवार की रात रखा गया ताजिया अपने कदीम रास्तों से होता हुआ रविवार की देर शाम बेगमगंज स्थित सदर इमामबाड़ा में सुपुर्दे खाक किया गया। इसके पूर्व दोपहर में मजलिस का आयोजन कर इमामबाड़ा शेख मोहम्मद इस्लाम मरहूम से फूलों से बनी तुरबत बरामद की गई। जहां देश के कोने-कोने से हुए जायरीनों ने इमाम हुसैन और उनके साथियों को आसूंओं का नजराना पेश किया।
गौरतलब हो कि ऐतिहासिक चेहलुम के मौके पर जगह-जगह मजलिसों का आयोजन किया गया। जहां इमाम चौकों पर ताजिया रखकर अंजुमनों ने नौहा, मातम कर इमाम हुसैन उनके परिवार के नजराना ए अकीदत पेश की। इधर पानदरीबा मोहल्ला के इस्लाम चौक पर बुधवार की दोपहर मजलिस का आयोजित की गई। इसमें पहले मरहूम मोहम्मद मुस्लिम के हमनवा, एडवोकेट सैयद नजर हसन और अंजुम जौनपुरी ने सोजख्वानी के फराएज अंजाम दिये। मजलिस को मौलाना सैयद नदीम रजा जैदी फैजाबादी ने इमाम हुसैन के परिवार और साथियों पर करबला में हुए जुल्मों सितम को बयान किया जिसे सुनकर वहां हजारों की संख्या में मौजूद जायरीनों की आंखों में आसूं आ गये। मजलिस के बाद इमामबाड़ा शेख मोहम्मद इस्लाम से फूलों से बनी ऐतिहासिक तुरबत बरामद की गई। इस तुरबत से मन्नती नेबू लेने और अपनी मन्नत मुरादे उतारने के लिए भारी भीड़ जुटी रही। शनिवार की रात रखे गये ताजिया, तुरबत को मुतवल्ली सैयद नजमुल हसन जैदी और इंतेजामकार हाजी सैयद असगर हुसैन जैदी के नेतृत्व में अंजुमन गुलशने इस्लाम के हमराह कदीम रास्तों पान दरीबा रोड, मुल्ला टोला, बारादुअरिया, हमाम दरवाजा, काजी की गली, अजमेरी, पुरानी बाजार से होते हुए बेगमगंज स्थित सदर इमामबाड़ा में जायरीनों ने नम आंखों से सुपुर्दे खाक कर करबला के शहीदों को पुरसा दिया।
इस मौके पर हाजी सै. असगर हुसैन जैदी, पूर्व एमएलसी हाजी सिराज मेंहदी, सै. तनवीर हसन, नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश टण्डन, मौलाना सफदर हुसैन जैदी, नजमुल हसन नज्मी, कबीर हसन जैदी, सै. अकबर हुसैन जैदी, व्यापारी नेता इंद्रभान सिंह इंदू, सदर विधायक नदीम जावेद, सपा प्रत्याशी जावेद सिद्दीकी, फैसल हसन तबरेज, आफताब हैदर, आजम जैदी, रिजवान हैदर राजा, हसन जाहिद खान बाबू, अनवार आब्दी, मुस्तफा शम्सी, शाहिद मंेहदी, सैयद जफर अब्बास जैदी, शाहिद हुसैन जैदी, लाडले हसन जैदी, सैयद जफर अब्बास, सैयद शब्बीर हुसैन जेडी, सनी, सैयद अली मोहम्मद बहादुर, आरिफ हुसैनी, हैदर अब्बास आदि सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट रत्नाकर मिश्रा, एसपी सिटी कमलेश दीक्षित, सीओ सिटी अमित राय, शहर कोतवाल एके सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे।

