शहीद स्मारक के सौदर्यीकरण की मांग
https://www.shirazehind.com/2017/03/blog-post_109.html
जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के हौज में स्थित शहीद स्मारक के नामकरण एवं उसके सौंदर्यीकरण की मांग का स्वर सोमवार को उस समय और तेज हो गया जब सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जफराबाद विस क्षेत्र के सपा प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करने उसी शहीद स्मारक के पास स्थित हैलीपैड पर उतरे। वहीं अमर शहीद स्मारक स्थल पर उपस्थित ग्रामीणों ने युवा समाजसेवी नीरज श्रीधर के नेतृत्व में भारत माता की जय सहित अन्य देशभक्ति नारों के साथ अपनी आवाज को बुलंद किया और मांग को दोहराते हुये मुख्यमंत्री का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इस मौके पर श्रीधर ने बताया कि इस मांग को लेकर वह ग्रामीणों के साथ काफी दिनों से आंदोलनरत हैं। इस बाबत पूर्व में क्षेत्रीय विधायक सहित जिलाधिकारी के अलावा मुख्यमंत्री, गृह सचिव, महामहिम राज्यपाल को मांगों से सम्बन्धित पत्रक प्रेषित किया जा चुका है लेकिन अभी तक किसी भी जिम्मेदार द्वारा कोई कार्यवाही नहीं हुई। आज पुनः मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को ध्यान आकृष्ट कराते हुये श्रीधर ने ग्रामीणों की तरफ से आह्वान किया कि यदि उनकी मांगों को अमल में नहीं लाया गया तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा। इस अवसर पर लालजी सिंह चैहान, मुन्नी लाल चैहान, अरूण शुक्ला, सौरभ शुक्ला, महेन्द्र शर्मा, मनोज शर्मा, मिण्टू प्रजापति, सोनू प्रजापति, राम आसरे गौड़, आलोक शुक्ला, विजय राय, अरूण राय के अलावा सैकड़ों महिला, पुरूष, युवा, बच्चे आदि उपस्थित रहे।

