चुनाव के संग चढ़ने लगा होली का रंग
https://www.shirazehind.com/2017/03/blog-post_28.html
जौनपुर। एक तरफ विधानसभा चुनाव की तैयारी अब धीरे-धीरे अंतिम पड़ाव की ओर है तो दूसरी ओर लोगों पर होली का रंग भी चढ़ना शुरू हो गया है। बाजार भी सज-धज कर तैयार मतदान का ही इंतजार कर रहा है। 13 मार्च को पड़ने वाली होली पर हालांकि अभी चार दिन मतदान ही हावी रहेगा। ऐसे में आठ मार्च के बाद ही लोग एकबारगी बाजार की ओर रुख करेंगे। इसमें छोटे से बड़े व्यापारी व कारोबारी भी इसी की राह तक रहे हैं। बाजार में होली को लेकर उल्लास बना हुआ है। नोटबंदी के बाद कारोबार में आए गिरावट से उबरने को व्यापारी भी होली की ही आस लगाकर बैठे हैं। इसको लेकर बाजार में दुकानों पर एक से एक चीजें दिख रही हैं। रंग व पिचकारी आदि की दुकानें भी धीरे-धीरे सजने लगी हैं तो कपड़ों का बाजार इस साल सबसे आगे निकलने को तैयार खड़ा है। बाजार में रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर तो गजब की तैयारी हुई है। दुकानदार एक से बढ़कर एक कपड़े व डिजाइन लेकर आए हैं। इसके अलावा साड़ी की दुकानों पर भी एक से एक साड़ियां सज गई हैं। इसमें महिलाएं जमकर खरीदारी भी कर रही हैं। कुछ बड़ी दुकानों पर तो होली को लेकर काफी महंगी व डिजाइनर साड़ियां भी आई हैं। ऐसे में इस तरह की दुकानों पर और भी भीड़ हो रही है। इस बार होली में खादी, लिनेन व काटन के कपड़ों की भी जबर्दस्त मांग है। होली के नजदीक आते देख लोग कपड़ों की खरीदारी शुरू भी कर दिए हैं जिससे बाजार में भीड भी दिखनी शुरू हो गई है। लोग कॉटन व खादी के कपड़ों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। इसके अलावा चुनाव की वजह से अभी अन्य चीजों की खरीदारी उतनी रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है।

