सपा ने मुसलमानों को सिर्फ धोखा ही दियाः आमिर रशादी
https://www.shirazehind.com/2017/03/blog-post_40.html
जौनपुर।
जौनपुर सदर विधानसभा के बसपा प्रत्याशी दिनेश टण्डन के समर्थन में नगर
पालिका के मैदान पर आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुये राष्ट्रीय ओलमा
कौंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आमिर रशादी ने कहा कि हमने मायावती को समर्थन
इसलिये दिया, क्योंकि पिछले 2012 के चुनाव में बसपा 5 सौ से 15 सौ के अन्तर
से 215 सीटों पर दूसरे स्थान पर रही और ओलमा कौंसिल के प्रत्याशिओं को इन
सीटों पर 5 से 16 हजार के बीच वोट मिले। उन्होंने कहा कि 5 साल समाजवादी
पार्टी के शासनकाल में उत्तर प्रदेश में 574 दंगे हुये। इतना ही नहीं,
एखलाक अहमद व क्षेत्राधिकारी जियाउल हक की हत्या, राजा भइया द्वारा
प्रतापगढ़ में 4 सौ मुसलमानों का घर जलाया गया। मुसलमानों को 18 प्रतिशत
आरक्षण की बात करके मुसलमानों को सिर्फ धोखा ही दिया गया है। इस सरकार को
उखाड़ फेंकने के लिये गाजीपुर से गाजियाबाद तक ओलमा कौंसिल के सभी
कार्यकर्ता जी जान से लग गये हैं जिससे विरोधी पार्टी के होश उड़ गये हैं।
भारी जनसमूह के बीच मौलाना आमिर रशादी ने बसपा प्रत्याशी दिनेश टण्डन को
जिताने का आह्वान किया। साथ ही व्यापारी समाज से कहा कि मायावती ने
व्यापारी समाज के बेटे हर दिल अजीज दिनेश टण्डन को टिकट देकर व्यापारी हित
की बात किया है। बसपा सरकार आने पर व्यापारी आयोग का गठन होगा जिस तरह से
मायावती ने अपनी सरकार में अरबी फारसी मदरसा बोर्ड का गठन किया था। इसके
अलावा मौलाना डा. अब्दुल हफीज रिजवी ने कहा कि जब मौलाना अहमद बुखारी,
मौलाना सैय्यद कल्बे जव्वाद, मौलाना तौसिफ रजा खां बरेलवी, अफजाल अंसारी,
राष्ट्रीय ओलमा कौंसिल ने बसपा को समर्थन दे दिया है तो सभी मुसलमानों को
चाहिये कि एक अच्छी सरकार बनाने के लिये बसपा को वोट करें। जनसभा को
कोआर्डिनेटर मेरठ एहसान अली कुरैशी, मौलाना लियाकत हुसैन, मोहम्मद शाहिद,
मौलाना मुर्तजा खैरी, मौलाना डा. अब्दुल हफीज, अरशद कुरैशी ने भी सम्बोधित
किया। इस अवसर पर मोहम्मद शमीम, मो. अजहरूद्दीन, मो. शीबू, मोहम्मद खालिद,
शोएब, कायम आबदी, अमित सिह, संजीव यादव, इरफान खान, दुलारे अहमद सहित अन्य
उपस्थित रहे।

