घटतौली से लुट रहे गैस उपभोक्ता
https://www.shirazehind.com/2017/03/blog-post_893.html
जौनपुर। शहर के उपभोक्ताओं को घर तक रसोई गैस पहुंचाने वाले हाकर्स द्वारा जमकर घटतौली की जा रही है। उनके आगे सारे नियम फेल साबित हो रहे हैं। इससे न केवल उपभोक्ताओं को चूना लग रहा है बल्कि इनकी आवाज भी कोई सुनने वाला नहीं है। चाहे वह गैस एजेंसी संचालक हो या आपूर्ति विभाग। ऐसे में उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। घरेलू गैस में हाकर घटतौली का खेल कर रहे हैं। उपभोक्ताओं को दो से तीन किलो गैस कम मिल रही है। शक होने पर हाकर गैस तौलने के लिए मशीन न होने की बात कहते हैं, जबकि नियम यह है कि अगर दस ग्राम भी गैस कम मिली तो उपभोक्ताओं को दूसरा सिलेंडर देना है, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। रसोई गैस के वजन में जमकर खेल हो रहा है। बताते हैं कि हाकर गोदाम से गैस सिलेंडर लेने के बाद कुछ सिलेंडर घर या किसी निश्चित स्थान पर रख आते हैं और वहां पर पहले से रखे सिलेंडर उठाकर ग्राहकों के घर बांटते हैं। इन सिलेंडरों में दो से तीन किग्रा गैस कम रहती है। सिलेंडरों से गैस निकालकर कर नकली सील लगा दी जाती है।घटतौली का खेल गैस एजेंसी संचालक व सिलेंडर वितरण में लगे कर्मचारी मिलकर कर रहे हैं। यह खेल लंबे समय से चल रहा है। इसको लेकर उपभोक्ताओं में आक्रोश है, जबकि आपूर्ति विभाग इससे अनभिज्ञ बना है। केंद्र सरकार द्वारा सीमित रसोई गैस सिलेंडर देने के नियम से परेशान उपभोक्ताओं की मुश्किल बढ़ गई है। शहर में इन दिनों सिलेंडर से गैस चोरी का खेल व्यापक पैमाने पर खेला जा रहा है। केंद्र सरकार ने बेशक अंतर्राष्ट्रीय मानक वाला कांटा रखना अनिवार्य कर दिया है लेकिन अभी तक हाकर्स के पास मैनुअल कांटा ही होता है। कांटा में गड़बड़ी कर सिलेंडर से दे से तीन किग्रा तक गैस की चोरी की जा सकती है। सरकार के बनाए नियम का नहीं हो रहा पालन रसोई गैस की कालाबाजारी और घटतौली सरकारों के लिए भी सिरदर्द बनी हुई है। केंद्र सरकार ने रसोई गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए ही अनुदान राशि सीधे उपभोक्ता के खाते में भेजने का प्रावधान बना है। कालाबाजारी पर तो अंकुश लगा, लेकिन गैस की घटतौली अब भी जारी है। इसे रोकने के लिए सरकार ने नियम में संशोधन भी किया है। नए नियमों के तहत गैस हाकर को अंतर्राष्ट्रीय मानक वाला कांटा रखना अनिवार्य है। डिलेवरी के समय उपभोक्ता के सामने ही सिलेंडर तौला जाएगा। दस ग्राम से अधिक गैस कम होने पर कांटा बता देगा।