सूरज की तपिश से झुलस रहे लोग
https://www.shirazehind.com/2017/06/blog-post_551.html
जौनपुर। उमस भरी गर्मी व आसमान से बरस रही सूरज की तपिश ने लोगों को बेहाल कर दिया है। चिलचिलाती धूप से बचने के लिए लोग दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। गली मोहल्ले व सड़कों पर सन्नाटा रहता है। इक्का-दुक्का बाहर निकलने वाले लोग धूप से बचने के लिए चेहरे पर कपड़ा बांध कर निकल रहे हैं। इसके बाद भी उन्हें उमस के कारण परेशान होना पड़ रहा है। रविवार का मौसम चिलचिलाती धूप व उमस वाला रहा। सुबह ही निकली तेज धूप ने दिन का तापमान बढ़ा दिया। इससे मौसम में गर्मी होने के साथ ही उमस भी बढ़ती ही। दस बजे तक मौसम बेहाल कर देने वाला रहा इससे बचने के लिए लोग धूप में निकलने से कतराते रहे। झुलसा देने वाली गर्मी के चलते सड़कें वीरान हो गईं। ऐसे मौसम में सड़क पर पैदल, साइकिल, रिक्शा व मोटरसाइकिल से निकलने वाले लोग धूप से बचने के लिए शरीर व चेहरे को ढकने के बाद ही आवागमन कर रहे थे। तेज धूप में साइकिल से घर वापस लौट रहीं छात्राएं भी गर्मी से परेशान रहीं। मौसम के प्रभाव से बचने के लिए सड़क पर निकलने वाली किशोरियों व महिलाएं गर्मी से बचने के लिए चेहरे पर दुपट्टा बांधने के बाद भी छाता लेकर आ जा रहीं थी। सड़क पर पैदल चलने वाले लोग पसीने से तर बतर दिखे। गर्मी में परेशान लोगों के लिए सड़क किनारे स्थित पेय पदार्थ की दुकानें राहत का माध्यम रहीं। गर्मी में प्यासे लोग अपनी प्यास बुझाने के लिए इनका सहारा लेते रहे।

