चोरों ने चार घरों से 18 लाख का माल समेटा
https://www.shirazehind.com/2017/07/18_28.html
जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने चार घरों को खंगाल कर छह लाख रुपये से अधिक की नगदी, 12 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के जानकारी सुबह होने पर पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर दी। मौके पर डॉग स्क्वायड एवं फोरेंसिक टीम पहुंची। फोरेंसिक टीम को सफलता हाथ नहीं लगी लेकिन डॉग स्क्वायड चोरों की निशानदेही के लिए स्टेशन तक गया। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर घटना को अंजाम देकर किसी ट्रेन से भाग निकले। भादी कोरवलिया गांव निवासी डा0 अकीलुर्रहमान के मकान में पीछे से छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने कमरों में सो रहे परिवार के सदस्यों के कमरों का दरवाजा बंद करके छह लाख रुपया नगदी, 10 लाख रुपए से अधिक के जेवरात चोरों ने पार कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि बेटी के शादी के लिए जेवरात रखे थे। हज उमरा पर जाने के लिए पैसे एकत्र करके रखा गया था। इसके दो सौ मीटर की दूरी पर फैजाबाद रोड स्थित बैंकर्स कालोनी निवासी रेलवे में टिकट निरीक्षक राजबहादुर यादव के घर में पीछे से घुसे चोरों ने घर में सो रही पत्नी पूनम यादव व बच्चों के कमरे का दरवाजा आगे से बंद करके दो कमरों का ताला तोड़कर अलमारी में रखा 50 हजार रुपया व दो लाख के जेवरात पार कर दिया। सुबह जागने पर आगे से दरवाजा बंद देख महिला दूसरे रास्ते से निकलकर घर दाखिल हुई। जहां कमरों की हालत देखकर उसके होश उड़ गये। घटना की खबर लगते ही कोतवाली पुलिस, क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गये। जिला मुख्यालय से पहुंची फारेंसिक टीम व डाग स्क्वायड शौर्य ने पड़ताल शुरु की। फारेंसिक टीम के हाथ कोई सुराग नहीं लग सका जबकि खोजी कुत्ता शौर्य टिकट निरीक्षक राजबहादुर यादव के घर से गंध लेकर निकला तो सीधे चिकित्सक के घर के पीछे पहुंचा। जहां से निकलकर सीधे रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पर जाकर ठिठक गया। कौडियां गांव निवासी अनिल गुप्ता के घर के अंदर बंधी दो बकरियां खोल ले गये। वहीं मड़वां मोहीउद्दीनपुर गांव निवासी गप्पू की कौडियां चैराहे पर स्थित किराने की गुमटी तोड़कर दो हजार नगद व बीस हजार रुपए के सामान पार कर दिया।
