युवती को जला कर मार डाला, प्रेमी फरार
https://www.shirazehind.com/2017/08/blog-post_990.html
जौनपुर। बदलापुर तहसील के एक गांव में ऑनर किलिंग का मामला प्रकाश में आया है। निर्ममतापूर्वक अपनी बेटी को जला कर मौत के घाट उतार दिया। गंभीर रूप से झुलसी युवती ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। कलमबंद बयान के पहले ही उसने अपनी अंतिम सांस ली। भयवश उसी गांव निवासी प्रेमी फरार हो गया। गांव में रसूख रखने वाले परिवार ने सारी घटना छुपा ली। पुलिस के सहयोग से पूरा मामला ही रफा-दफा हो गया। आग से झुलसने का कारण तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। बदलापुर थाना के एक गांव निवासी एमए फाईनल की 22 वर्षीया छात्रा का गांव के ही स्वजातीय युवक से चक्कर चल रहा था। दोनों का इरादा घर से भाग कर शादी करने का था। प्रेमिका के परिवारीजन को शक हो गया। गत मंगलवार की रात युवती के घर आने में कुछ देर हो गई। परिवारीजन उसे खोजने निकले। शकवश परिजन प्रेमी के घर जा पहुंचे। वहां घर के पीछे दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। चर्चा के अनुसार दोनों को पकड़ कर बंधक बनाया और साथ ले आए। प्रेमी को लाठी-डण्डे और ईंट से जमकर पीटा। उसे घर के एक कोने में बैठा दिया। घटना से युवती के परिजन पर मानो भूत सवार हो गया था। बंधक बनी अपनी बेटी पर केरोसिन छिड़का और आग लगा दिया। शोर न मचा सके इसके लिए उसके मुंह में कपड़ा ठंूस दिया था। आग की लपटों घिरी युवती गंभीर रूप से झुलस गई। घर में बंधक बना युवक किसी तरह रस्सियां खोल भाग गया। आग की जद में आने से युवती के पिता का हाथ भी झुलस गया। आग बबूला परिवार अपनी बेटी को जिंदा जलता निहारता रहा। आग की लपटें शांत हुई तो उसके अधजले बंधन और मुंह में ठंूसा कपड़ा निकाला। इधर परिवार के अन्य सदस्य फरार प्रेमी की तलाश में निकल पड़े। काफी खोजबीन के बाद भी प्रेमी नहीं मिला। डायल सौ पर फोन कर पुलिस को खबर से अवगत कराया गया। देर रात में खाना बनाते समय झुलसने की दास्तां सुनाई गई। गांव सहित क्षेत्र में रसूख रखने वाले परिवार की बात पुलिस ने भी मान ली। पहले सीएचसी फिर रेफर होने पर उसे जिला अस्पताल दाखिल कराया गया। यहां दूसरे दिन दोपहर में उसकी मौत हो गई। पंचायतनामा भरा गया और लाश को चीर घर रवाना कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद लाश परिवारीजन को सौप दी गई। तुरत-फुरत उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।घटना के एकमात्र गवाह प्रेमी के फरार होने के नाते कोई सुबूत नहीं बचा। हालांकि दबी जुबान से पूरे गांव में यह घटना चर्चा-ए-आम बन गई है।
