बच्चों के शैक्षिक विकास में पुरस्कार की भूमिका अहमः खण्ड शिक्षा अधिकारी
https://www.shirazehind.com/2018/03/blog-post_169.html
जौनपुर।
बच्चों के शैक्षिक प्रगति में पुरस्कार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
पुरस्कार से जहां शिक्षक एवं शिक्षार्थी में सम्यक तादात्म्य स्थापित होता
है, वहीं बच्चों में बौद्धिक क्षमता का विकास होता है। उक्त बातें खण्ड
शिक्षा अधिकारी शिवशंकर मिश्र ने अभिनव प्राथमिक विद्यालय अमारी में
शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण समारोह में कही। विकास खण्ड
स्तर पर आयोजित विद्या ज्ञान परीक्षा में इस विद्यालय से प्रथम, द्वितीय,
सातवां व दसवां स्थान क्रमशः आयुष यादव, अंश यादव, रिया विश्वकर्मा व पारूल
ने प्राप्त किया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खण्ड शिक्षा अधिकारी व
विशिष्ट अतिथि प्रबंधक शीतला प्रसाद यादव रहे जिन्होंने प्रथम व द्वितीय
स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को साइकिल और 7वां एवं 10वां स्थान पाने
वाले बच्चों को दीवाल घड़ी देकर पुरस्कृत किया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक
अरविन्द सिंह ने समस्त अतिथियों का स्वागत करते हुये उनके प्रति आभार प्रकट
किया। इस अवसर पर राम केवल वर्मा, सतीश सिंह, पारसनाथ यादव, रवीन्द्र
भाष्कर, त्रिवेणी प्रसाद बिन्द, अजय सिंह, दुष्यन्त मिश्र, रणन्जय सिंह
सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

