छात्राओं को सशक्त बनायेगी पावर एन्जिल
https://www.shirazehind.com/2018/03/blog-post_834.html
जौनपुर। जिले में गरीब बेटियों के लिए संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में गठित मीना मंच को सशक्त बनाने, उनके अधिकार व मुद्दों के प्रति सजग करने व संवेदनशील बनाने के लिए हर विद्यालय में पॉवर एंजिल का चयन किया जाएगा। जो अपनी साथी छात्राओं को सशक्त बनाएंगी। जो रोज उनसे बात करेंगी और उन्हें अधिकारियों से रूबरू कराने के अलावा दुर्व्यवहार न सहने को जागरूक किया जाएगा। वर्तमान सत्र में तीन सौ छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसमें से सौ ऐसी छात्राओं को चयनित किया जाएगा, जिन्होंने गत वर्ष प्रशिक्षण प्राप्त किया हो। मीना मंच की बालिकाओं में नेतृत्व की क्षमता वाली छात्रा का चयन पॉवर एंजिल के रूप में होगा। जो हर कक्षा की छात्रा से निरंतर संपर्क करेंगी। सहपाठियों को उचित व्यवहार के बारे में बताएंगी। कक्षा या कक्षा से बाहर दुराचार, दुर्व्यवहार के प्रति सतर्क रहने का परामर्श देंगी। छात्रा के ऐसी घटना से ग्रसित होने पर इसकी जानकारी पॉवर एंजिल को दी जाएगी। जो छात्रा की क्लासटीचर को संबंधित जानकारी देंगी। क्लासटीचर वार्डन के माध्यम से समस्या का समाधान करेंगी। इस तरह छात्राओं की समस्या का समय से समाधान होने पर साहस बढ़ेगा। वार्डन, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक समय-समय पर पॉवर एंजिल्स का मार्गदर्शन करेंगी। सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत बालिका शिक्षा की जिला समन्वयक सीमा रानी चैहान ने बताया कि राज्य परियोजना की ओर से निर्देश प्राप्त हो गए हैं। जल्द ही पॉवर एंजिल्स साथी छात्राओं के बीच जाकर उन्हें जागरूक करती नजर आएंगी। सभी छात्राएं साहसिक बन सकेंगी।

