ट्रक ने दो युवकों को रौदा, एक की मौत
https://www.shirazehind.com/2018/03/blog-post_920.html
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। क्षेत्र के मधुपुर चैराहे के पास रविवार को सुबह ट्रक ने सड़क के किनारे खड़े दो बाइक सवारों को रौंद दिया। जिसमें एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताते हैं कि 19 वर्षीय अनिल कुमार पटेल पुत्र लालजी पटेल निवासी सिकंदरा थाना बहरिया जिला इलाहाबाद किसी काम से सुजानगंज गया था। वहीं उनके 15 वर्षीय मित्र टिंकू पटेल पुत्र चन्द्र भानु पटेल निवासी चैनपुर थाना सुजानगंज से मुलाकात हो गयी। दोनों बाइक से मुंगरा बादशाहपुर की तरफ आ रहे थे तभी रास्ते में मोबाइल पर किसी का फोन आते ही बाइक सड़क के किनारे खड़ी कर बात करने लगे। उसी समय तेज रफ्तार से सुजानगंज की ओर से आ रही ट्रक ने दोनों को रौद दिया। जिसमें अनिल पटेल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि टिंकू पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे घायलावस्था में पीएचसी मुंगराबादशाहपुर ले जाया गया। जहां से उसे जौनपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत नाजुक होने के कारण उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया है। परिजन घटना स्थल पर पहुंच कर रोने बिलखने लगे। आक्रोशित ग्रामीणों ने परिजनों के साथ सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीण शासन प्रशासन स्तर से मुआवजा दिलवाने की मांग करने लगे। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अनिल सिंह ग्रामीणों को आश्वासन देकर आधे घंटे तक चला जाम समाप्त हुआ। मौके से ट्रक चालक पकड़ा गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले कर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया।
