जेल प्रशासन की लापरवाही से बन्दी की मौत
https://www.shirazehind.com/2018/04/blog-post_98.html
जौनपुर । जिला कारागार में निरूद्ध एक बंदी की उपचार के दौरान बीएचयू में कल रात मौत हो गई। परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। केराकत कोतवाली क्षेत्र के देवाकलपुर निवासी राजाराम का पुत्र संजय गौतम दुराचार के आरोप में पिछले 38 महीने से जेल में बंद था। परिजनों का आरोप है कि 26 मार्च को जेलर से उसने तबीयत खराब होने की शिकायत की थी। लेकिन जेलर ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। उसकी शिकायत नजरअंदाज कर दी गई। 28 मार्च को उसकी हालत अधिक गंभीर हुई तो आनन फानन में बीएचयू में भर्ती करा दिया गया था। जहां इलाज के दौरान कल उसकी मौत हो गई। मृतक संजय के पिता का कहना है कि यदि जेलर ने बेटे की तबीयत खराब होने की शिकायत को समय से सुन लिया होता और उसे अस्पताल पहुंचा दिया गया होता तो उसकी जान बच सकती थी। इस संबंध में जेलर सुरेश चंद्र का कहना है कि बंदी संजय टीबी का मरीज था। उसका इलाज काफी दिनों से चल रहा था। बीएचयू में इलाज के दौरान मौत हो गई है। इलाज में जेल प्रशासन की ओर से कोई लापरवाही नहीं बरती गई है।

