गरीबों के मड़हे न उजाड़े जाय: किसान यूनियन
https://www.shirazehind.com/2018/05/blog-post_292.html
जौनपुर। भारतीय किसान यूनियन अवध गुट की जिला इकाई ने मंगलवार को 13 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर पंचायत का आयोजन किया। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राम लोलारख सिंह व संचालन विनोद कुमार मौर्या ने किया। अन्त में मुख्यामंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौपा गया। पंचायत को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आरपी सिंह ने कहाकि सभी ब्लाकों पर किसान गोष्ठी आयोजित कर उन्नति खेती के बारे में जानकारी दिया जाय। सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों को नहीं मिल रहा है उसकी बंन्दरबाट की जा रही है उसकी जांच करायी जाय। उन्होने कहा कि पात्र गृहस्थी के तहत जिसका नाम छूट गया है उन सदस्यों का नाम सूची मंे अंकित किया जाय। ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच की जाय। कहा कि सरकारी जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा किया गया है उसको खाली कराया जाय। जो गरीब अनेक वर्षो से मड़ई, मड़हा आदि अस्थायी निर्माण किये है उन्हे न उजाड़ा जाय। उनको आवास आबंटित किया जाय। डूडा द्वारा गरीबों का आवास बनवाने के लिए अभी तक उनके खाते में धन नहीं भेजा गया। उनके खाते में रूपया भेजा जाय। कहा कि सरकारी अस्पतालों मंे दवा उपलब्ध नहीं रहती। इससे गरीबों को दवा बाहर से लेना पड़ता है। सरकारी अस्पतालों में दवा उपलब्ध करायी जाय। नहर में तत्काल पानी छोड़ा जाय जिससे धान की नर्सरी डाली जा सके। सीताराम पटेल, एलबी पाल, बीबी सिंह, राम आसरे पटेल, शिव शंकर यादव, शिव प्रताप सिंह आदि ने सम्बोधित किया।