मोदी ने विश्व में बढ़ाई भारत की प्रतिष्ठा: केशव मौर्य
https://www.shirazehind.com/2019/04/blog-post_499.html
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को जौनपुर लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी डा0 केपी सिंह पक्ष में करंजाकला ब्लाक के खानपुर में विजय संकल्प रैली की। जनसभा में उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश को तरक्की के रास्ते पर आगे के पांच साल तक ले जाने का काम करेगा। मोदी सरकार ने गरीबों को सुविधाएं देने के लिए अभी सिर्फ भ्रष्टाचार को रोका है, तो देश में खुशहाली आने लगी है। जब देश में भ्रष्टाचारियों से रिकवरी होगी तो विकास के रास्ते और खुल जाएंगे। उन्होंने कहा मोदी जी की सरकार में सबको पूरा का पूरा एक रुपय मिल रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार को कम करने के लिए ऐसी नीति अपनाई है कि अब चाहे एक रुपये या फिर एक लाख रुपये पूरा पैसा अब गरीबों के खाते में पहुंच जाता है। उन्होंने कहा कि जितना काम कांग्रेस की 55 साल सरकार में नहीं हुआ, उतना काम महज 5 साल में मोदी सरकार ने किया है। यही नहीं यूपी में भी जितना काम पिछले 15 सालों में नहीं हुआ, तो उतना काम महज 2 साल में हुआ है। उन्होंने कहा कि अब राष्ट्रवाद का अभियान चल रहा है। अब देश से आंतकवाद का खत्मा करने का अभियान चल रहा है। अब पूरे देश में जातीय समीकरण नहीं बल्कि मोदी समीकरण हावी हो गया है। इस बार देश और प्रदेश की जनता इतने वोटों से जीताने जा रही है कि अबकि बार मोदी सरकार आते ही कांग्रेस, सपा और बसपा के ऑफिस में ताले लग जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता सिर्फ विकास चाहती है, भ्रष्टाचारियों की सरकार पंसद नहीं है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी और योगी जी की वजह से अब प्रदेश में शहरों में 24 घंटे, तहसीलों पर 20 घंटे और गांवों को 18 घंटे बिजली मिल रही है। पहले के शहरों में ही महज 4 घंटे ही बिजली मिलती थी। अब वीआईपी और वीवीआईपी का कल्चर चला गया है। भ्रष्टाचार पर उन्होंने कहा कि पहले भी सड़कों को बनने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जाते थे, लेकिन इसके बाद भी सड़कें गढ्ढे में तब्दील रहती थी, लेकिन अब हमारी सरकार में प्रदेश की पहचान गढ्ढों से मुक्त सड़कों के रुप में हो रही है। अब पूरे प्रदेश में हर जगह पर आपको चमचमाती हुई सड़के नजर आ रही है। उन्होने कहा कि पहले भी सरकारें रुपया खर्च करती थी, लेकिन वह पैसा ठेकेदारों के खाते में जाता था। कहा कि पहले की सरकारों की पहचान गुण्डागर्दी से होती है। अब हमारी सरकार में गुण्डों की खैर नहीं है। उन्होंने कहा कि अब गुंडों द्वारा कब्जा की गई जमीन को खाली कराने का अभियान चल रहा है। यही नहीं अब जमीनों पर कोई कब्जा नहीं हो रहा है।

