गड्ढों को भरने के लिये फावड़ा-टोकरी लेकर उतरे प्रो. आचार्य
https://www.shirazehind.com/2019/12/blog-post_102.html
जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास स्थित गांव के जिम्मेदार लोगों से अनेक बार आग्रह करने एवं अनुकूल आश्वासन मिलने के बाद भी सड़क के गड्ढे नहीं भरे गये तो पूविवि के प्रोफेसर स्वयं श्रमदान करने के लिये उतर गये। देखा गया कि वह अपने आश्रम से डलिया, टोकरी, फावड़ा आदि लेकर राकेश सोनकर नामक एक युवक के साथ श्रमदान करते हुये सड़क के गड्ढे भरने शुरू कर दिये। बता दें श्रमदान करने वाले श्रमी प्रो. (डा.) विक्रमदेव आचार्य संस्थापक लोक कल्याण आश्रम एवं निवर्तमान अधिष्ठाता प्रबन्ध संकाय पूविवि हैं। इस मौके पर उन्होंने बताया कि कुछ दिनों में सड़क के सभी गड्ढे भर जायेंगे। आचार्य जी देवकली प्राथमिक विद्यालय के सामने लोक कल्याण आश्रम का निर्माण किये हैं। उसी आश्रम परिसर में गौशाला, अनाथ आश्रम, वृद्धाश्रम, स्वदेशी चिकित्सा केन्द्र आदि प्रकल्पों का निर्माण लोक कल्याणम न्यास के सौजन्य से कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह सुबह-शाम प्रतिदिन पूविवि से आश्रम जाते-आते रहते हैं लेकिन कोई भी मार्ग सही हालत में न होने से जाने-आने में बहुत दिक्कत होती है। इसको लेकर वह विधायक, सांसद, मंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष, मुख्य मंत्री सहित अन्य सम्बन्धित को लिखित रूप से ज्ञापन देने के साथ ही ट्वीट एवं व्हाट्सएप करके उक्त समस्या की ओर ध्यान दिला चुके हैं। प्रो. आचार्य लोक कल्याण मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पूविवि से लेकर लोक कल्याण आश्रम भैंसनी होते हुये मल्हनी मार्ग से जोड़ते हुये पक्का कराने के लिये कई बार आग्रह कर चुके हैं लेकिन अनुकूल आश्वासनों के बावजूद सड़क का न निर्माण हो सका और न ही गड्ढे भरे गये। इसी को लेकर वह एक युवक के साथ श्रमदान करते हुये गड्ढों को भरना शुरू कर दिये।

