बैंक लुटेरे गिरफ्तार , तमंचा बरामद
https://www.shirazehind.com/2020/04/blog-post_995.html
जौनपुर। नेवढि़या थाना क्षेत्र के भोड़ा-लगधरपुर मार्ग पर अभिलाखपुर गोदाम के पास सोमवार को फिनो बैंक के संचालक से असलहे के बल पर 1.57 लाख रुपये लूटने वाले दो और बदमाशों को पुलिस ने तमंचा सहित गिरफ्तार कर लिया है। लूटे गए रुपये बरामद हो गए हैं। एक बदमाश को पुलिस ने घटना को अंजाम देकर भागते समय ही पकड़कर वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर लिया था। एक अन्य की अभी पुलिस को तलाश है।
सुरेरी थाना क्षेत्र के भोड़ा गांव निवासी फिनो बैंक के संचालक अनुपम जायसवाल से दिनदहाड़े 1.57 लाख रुपये लूटकर भाग रहे बाइक सवार बदमाशों का सुरेरी थाने पर तैनात सिपाही विनोद सिंह ने संदेह होने पर पीछा कर लिया था। घबराहट में गिरने के बाद बदमाश बाइक छोड़कर गोदाम के पास झाड़ियों में छिप गए। अन्य बदमाश तो भाग गए लेकिन तलाशी के दौरान नेवढि़या पुलिस ने उनके एक साथी चंदन सिंह निवासी हरिभानपुर थाना कपसेठी वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में उसने घटना में शामिल तीन और साथियों के नाम व पता बताए। एएसपी (ग्रामीण) संजय राय के निर्देशन में सर्किल के सभी थानों के अलावा एसओजी की टीमें गठित कर ताबड़तोड़ दबिश शुरू की गई। देररात पुलिस ने काजीहद गांव के बच्चन सिंह के ट्यूबवेल के पास से शुभम सिंह उर्फ वीरू निवासी गहरपुर थाना कपसेठी व शिवम सिंह निवासी पतेर थाना बड़ागांव वाराणसी को मंगलवार की तड़के गिरफ्तार कर लिया। शुभम सिंह के पास से तमंचा व बैग बरामद हुआ। बदमाशों ने कुबूल किया कि वारदात में शामिल उनका एक अन्य साथी सौरभ सिंह नेवढि़या थाना के कादीहद गांव का है। थानाध्यक्ष राज नारायण चौरसिया ने बताया कि फरार बदमाश को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

