जेल से भागा हत्यारोपी गिरफ्तार
https://www.shirazehind.com/2020/06/blog-post_535.html
जौनपुर । पंचहटिया स्थित अस्थाई जेल की खिड़की का ग्रिल काटकर शुक्रवार की रात फरार हुए दो अपराधियों में से एक हत्यारोपित को पुलिस ने 36 घंटे के भीतर धर दबोचा। दूसरे फरार बाइक चोरी के आरोपित की पुलिस टीमें सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। जल्द ही उसके भी पकड़ लिए जाने का दावा पुलिस महकमा कर रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक (शहर) डा. संजय कुमार ने बताया कि सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में फरार आरोपितों की तलाश में जुटे लाइन बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश सिंह, टीडी कालेज पुलिस चौकी प्रभारी विक्रम लक्ष्मण सिंह व उनके सहयोगियों ने राजू चौहान निवासी गांव कटेहरी थाना बदलापुर को शनिवार की सुबह कलीचाबाद से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में कांस्टेबल द्वय पंकज पुरी व संतोष कुमार सैनी भी रहे। गत छह जून की रात बदलापुर थाना क्षेत्र के लेदुका गांव निवासी पाही पर सोए किसान श्याम लाल यादव की धारदार हथियार से हत्या के आरोपित राजू चौहान को गत 12 जून को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

