धन, वैभव, यश की कामना को लेकर धनतेरस पर बाजारों में जमकर हुई धन वर्षा
https://www.shirazehind.com/2020/11/blog-post_928.html
जौनपुर। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के बीच धन, वैभव, यश की कामना को लेकर धनतेरस पर बाजारों में जमकर धन वर्षा हुई। शुभ मुहूर्त में खरीद को लेकर गुरुवार को दिन भर बाजारों में भीड़ उमड़ी रही। लोगों ने वाहन, आभूषण, बर्तन व सोने-चांदी के सिक्के के साथ ही इलेक्ट्रानिक सामान की जमकर खरीदारी की। खरीदारी के लिए लोग दुकानों पर पूरे परिवार के साथ पहुंचे थे। ऐसे में ग्राहकों की भीड़ और अच्छे व्यवसाय ने व्यापारियों को उत्साहित कर दिया। पर्व पर जनपद में लगभग 800 करोड़ से अधिक के व्यवसाय का अनुमान लगाया जा रहा है।
धनतेरस पर खरीदारी को लेकर बुधवार की रात से ही बाजार सज गए थे। ग्राहकों के पहुंचने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था। दुकानों की सजावट लोगों को आकर्षित कर रही थी। शुभ मुहूर्त में खरीदारी को लेकर दोपहर बाद तो ओलंदगंज, चहारसू चौराहा, सब्जी मंडी, कोतवाली आदि प्रमुख बाजारों में पैदल चलने की जगह नहीं थी। लोगों में त्योहार को लेकर गजब का उत्साह था। क्या महिलाएं क्या बच्चे सभी का उत्साह देखने लायक था। शाम होने से पहले ही बाजार रोशनी से नहा उठा। दीपावली का सुंदर आगाज सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया है।
सोने-चांदी के सिक्के और जेवरात की खूब हुई बिक्री
धनतेरस पर यूं तो कई सामानों की बिक्री होती है लेकिन सोने-चांदी की खरीदारी को लोग सबसे ज्यादा शुभ मानते हैं। यही वजह है कि धनतेरस पर ज्वेलरी दुकानों में सबसे ज्यादा भीड़भाड़ रही। लोगों ने अपनी जेब के मुताबिक चांदी, सोने के सिक्के, कान के झुमके, बाली, अंगूठी, हार, सोने-चांदी के बिस्किट आदि की खरीदारी की। बाजार में इस बार लक्ष्मी, गणेश, विक्टोरिया आदि के सिक्के खरीदे। सबसे अधिक लक्ष्मी-गणेश के चिन्ह वाले सिक्कों की खरीद हुई। वहीं अन्य जेवरातों की खरीदारी में भी लोगों ने रुचि दिखाई। लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा, चांदी के पूजा के बर्तन आदि की खरीद भी हुई।
धनतेरस पर वाहनों की खरीदारी की पुरानी परंपरा रही है। लोगों ने इसमें सबसे अधिक रुचि दिखाई है। हीरो, होंडा, बजाज, यामाहा की मोटरसाइकिल और स्कूटी, मारुति व हुंडई सहित अन्य कंपनियों की कारों सहित अन्य वाहनों की खूब खरीदारी हुई। धनतेरस पर वाहनों की खरीद को लेकर लोगों ने पहले से ही वाहन बुक कराए थे। ऐसे में धनतेरस के शुभ मुहूर्त में वाहन घर ले जाने को लेकर लोग आतुर नजर आए। ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल व आटो की खरीद सबसे अधिक हुई है। व्यवसायी मनोज गुप्ता ने बताया कि सबडीलरों को मिलाकर हीरो के लगभग डेढ़ हजार बाइक मोटर व वेंकटेश हुंडई के 30 वाहन बिके। दोनों को मिलाकर 12.50 करोड़ का कारोबार हुआ।