15 दिन से गुल है पोटरिया के आधे गांव की बिजली
https://www.shirazehind.com/2020/12/15_26.html
जौनपुर। विद्युत उपकेंद्र बादशाही खेतासराय से जुड़े पोटरिया ग्रामवासी विगत 15 दिन से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि आधे गांव की बिजली विगत एक पखवारे से गुल है।वजह जर्जर तार व जला हुआ ट्रांसफार्मर बताई जा रही है।
बता दें कि ग्राम पंचायत पोटरिया की बिजली विद्युत उप केंद्र बादशाही खेतासराय से जुड़ी हुई है।गांव के आधे हिस्से में बिजली जर्जर तार व जले हुए ट्रांसफार्मर की वजह से 15 दिन से गुल है। जिस वजह से ग्रामीणों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। गांव की आधी मुस्लिम बस्ती में 63 केवीए ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई होती है। जिसका तार लगभग 30 साल पुराना हो चुका है। जो सप्लाई चालू होते ही तार गर्म होने के बाद एक दूसरे में सटकर स्पार्किंग करने लगता है। जिस वजह से अक्सर फ्यूज उड़ने, ट्रांसफार्मर जलने व तार टूटकर गिरने की समस्या से ग्रामीणों को जूझना पड़ रहा है।लोग चंदा जुटाकर किसी तरह विद्युत कर्मियों को बुलाकर मरम्मत कराते हैं और घंटे, 2 घंटे के बाद वही स्थिति पुनः आ जाती है।इसी तरह प्राथमिक विद्यालय के (गोड़वा)बस्ती में 32 कनेक्शन धारियों पर मात्र एक 10 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, जो आए दिन जला रहता है।बस्ती के लोग बता रहे हैं कि ट्रांसफार्मर 12 दिन से जला हुआ है ऑनलाइन व ऑफलाइन शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर की मरम्मत नहीं की गई।जिस वजह से ग्रामीणों को विगत एक पखवारे से अंधेरे में रहना पड़ रहा है।विभाग की इस लापरवाही के चलते ग्रामीणों में गुस्सा है।जबकि वर्तमान सरकार के जनप्रतिनिधियों का एलान है कि इस सरकार में जले हुए ट्रांसफार्मर मात्र 24 घंटे में बिना सुविधा शुल्क दिए बदले जाते हैं।

