माध्यमिक शिक्षक संघ ने स्थापना दिवस पर की शैक्षिक विचार गोष्ठी
https://www.shirazehind.com/2020/12/blog-post_916.html
जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने 31 दिसम्बर को अपने स्थापना दिवस पर नगर पालिका इंटर कालेज में शैक्षिक विचार गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुधाकर सिंह व संचालन जिला मंत्री प्रमोद सिंह ने किया। इस मौके पर वक्ताओं ने गोष्ठी के विषय ‘उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का गौरवशाली इतिहास व शिक्षा के उन्नयन एवं भविष्य की चुनौतियों में संगठन की भूमिका’ पर व्याख्यान दिया। साथ ही संगठन के इतिहास पर प्रकाश डालने वाले मुख्य वक्ता प्रदेश उपाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह ने 1956 से 2020 तक की गौरवशाली यात्रा का विवरण बताया। प्रदेश मंत्री अजय प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिये जनपद इकाई की सराहना किया। जिलाध्यक्ष सुधाकर सिंह ने शिक्षा के उन्नयन में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका की चर्चा करते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य ही शिक्षा को शिक्षक एवं शिक्षार्थी केंद्रित व्यवस्था को बनाना है जिसके लिए यह सतत प्रयत्नशील है। साथ ही उन्होंने 31 मार्च 2021 को सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के प्रत्रावलियों को शीघ्र कार्यालय में जमा कराने की विद्यालयों से अपील किया। जिला मंत्री प्रमोद सिंह ने संगठन को भविष्य की चुनौतियों पर आगाह करते हुए शिक्षकों से संगठन को मजबूत करने के लिए काम करने की अपील किया। इस अवसर पर डा. उमाकांत श्रीवास्तव, जय प्रकाश सिंह, राम प्रकाश सिंह, रणंजय सिंह, राजेश यादव, धर्मेन्द्र शुक्ला, चंद्र प्रकाश दुबे, संतोष रघुवंशी, संदीप सिंह, वंशराज यादव, प्रशांत पांडेय, संजय सिंह, अजय सिंह, अजीत सिंह, दिनेश चौहान आदि उपस्थित रहे।