राम दरबार की दिव्य झांकी ने दर्शकों को किया भाव-विभोर

 जौनपुर में सम्पन्न हुई ग्रीष्मकालीन वेद एवं रामायण अभिरुचि कार्यशाला – भव्य समापन समारोह ने किया सभी को मंत्रमुग्ध

जौनपुर। प्राथमिक विद्यालय चकताली, विकास क्षेत्र सिरकोनी में चल रही ग्रीष्मकालीन वेद एवं रामायण अभिरुचि कार्यशाला का आज भव्य एवं दिव्य समापन समारोह सम्पन्न हुआ। यह कार्यशाला उत्तर प्रदेश सरकार, अंतरराष्ट्रीय रामायण शोध संस्थान अयोध्या, संस्कृति विभाग, संस्कार भारती, एवं एडूलीडर्स यूपी ग्रुप के सहयोग से प्रदेश के 75 जनपदों में आयोजित की जा रही थी। जौनपुर में इस कार्यक्रम का संयोजन डॉ. उषा सिंह के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां वीणा वादिनी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल, प्रधानाचार्य टी.डी. इंटर कॉलेज डॉ. सत्य प्रकाश सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सिरकोनी श्री अमरेश सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष अरविंद शुक्ला, मीडिया प्रभारी लक्ष्मीकांत सिंह, यूटा जिलाध्यक्ष डॉ. हेमंत सिंह तथा प्रधानाध्यापिका डॉ. उषा सिंह मंचासीन रहे। छात्रों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

समारोह का मुख्य आकर्षण राम, लक्ष्मण एवं सीता जी की दिव्य झांकी रही, जिसे देखकर दर्शक भाव-विभोर हो उठे। सभी मुख्य अतिथियों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की आरती की। दिव्यांग छात्रा श्वेता सोनी द्वारा प्रस्तुत भजन "राम आएंगे, आएंगे..." ने भावनाओं का समंदर लहरा दिया। इसके साथ-साथ शिक्षिकाओं पूनम राव, दीपा मिश्रा, ऋचा सिंह और प्रियंका मिश्रा द्वारा प्रस्तुत भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह द्वारा विद्यालय को हराभरा बनाने एवं मंच निर्माण हेतु ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) की सहयोग राशि देने की घोषणा की गई, जिसे विद्यालय परिवार ने आभारपूर्वक स्वीकार किया।

सभी विशिष्ट अतिथियों ने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि रामायण और वेद आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। श्रीराम, लक्ष्मण, सीता और अन्य पात्रों का चरित्र आज के नैतिक पतन, अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार के खिलाफ मार्गदर्शक बन सकता है। कार्यशाला के माध्यम से बच्चों में संस्कार, नैतिकता और संस्कृति के बीज बोए जा रहे हैं।

समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, स्थानीय नागरिक व शिक्षकगण उपस्थित रहे, जिनमें रीता देवी, अनीता देवी, राजेश यादव, लक्ष्मी यादव, उषा देवी, मनभावती देवी आदि प्रमुख थे। कार्यक्रम का संचालन ऋचा सिंह ने अत्यंत सुंदर ढंग से किया तथा अंत में आभार प्रदर्शन प्रधानाध्यापिका डॉ. उषा सिंह द्वारा किया गया।

जौनपुर में आयोजित यह कार्यशाला न केवल शिक्षा का एक माध्यम बनी, बल्कि रामायण के मूल्यों को बच्चों में रोपित करने का एक सशक्त प्रयास भी सिद्ध हुई। समापन समारोह की भव्यता और अध्यात्मिक गरिमा ने इसे अविस्मरणीय बना दिया।

Related

डाक्टर 6271916779144696478

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item