शोधार्थियों और बाल विकास के क्षेत्र में बनेगा मील का पत्थर: प्रो.राकेश यादव
शोध की नई राह, बच्चों के विकास की नयी दिशा
इडुनिक शोध एवं मनोवैज्ञानिक परीक्षण केन्द्र का भव्य शुभारंभ
जौनपुर। नगर के नईगंज मोहल्ले में ज्ञान, चिंतन और शोध के समर्पित साधकों के लिए एक अत्यंत हर्षजनक क्षण में इडुनिक पब्लिकेशन द्वारा स्थापित इडुनिक शोध एवं मनोवैज्ञानिक परीक्षण केन्द्र का शुभारंभ हुआ। इस अभिनव केंद्र का उद्घाटन प्रतिष्ठित शिक्षाविद् प्रो. राकेश कुमार यादव के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि प्रो. यादव ने उद्घाटन के अवसर पर कहा, "ज्ञान केवल संग्रहण की वस्तु नहीं, यह एक सतत प्रवाह है, जो शोध और नवीन चिंतन से विकसित होता है।" उन्होंने कहा कि विज्ञान, साहित्य, वाणिज्य, कृषि, कला एवं अभियांत्रिकी जैसे सभी शैक्षणिक क्षेत्रों में सतत नवाचार और शोध की आवश्यकता है। इडुनिक शोध केन्द्र इस दिशा में एक प्रगतिशील कदम है, जो शोधार्थियों को न केवल प्राचीन ग्रंथों तक पहुंच देगा, बल्कि बच्चों के समग्र विकास को समझने के लिए मनोवैज्ञानिक परीक्षणों की वैज्ञानिक विधि से भी जोड़ेगा।
बिहार में शिक्षक और कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अभिषेक सिंह ने कहा, “शिक्षा को निवेश नहीं, उपभोग समझकर देना चाहिए। यह दृष्टिकोण आने वाली पीढ़ी के लिए क्रांतिकारी परिवर्तन ला सकता है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त विद्युत विभाग अधिकारी सभाजीत यादव ने की। उन्होंने बल देते हुए कहा कि माता-पिता को अपने बच्चों की मानसिक और रुचिगत आवश्यकताओं को समझना चाहिए, क्योंकि बच्चों का शारीरिक, सामाजिक और मानसिक विकास तभी संतुलित होता है जब उसे उसकी रुचियों के अनुसार मार्गदर्शन मिले।
इस प्रेरणास्पद अवसर पर इडुनिक रिसर्च सेंटर के संस्थापक डॉ. अरविन्द कुमार यादव ने अपने उद्घाटन भाषण में शोध केन्द्र की स्थापना के उद्देश्य, महत्व और आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह केन्द्र शोध छात्रों और अभिभावकों के लिए एक साझा मंच होगा, जहाँ ज्ञान, अनुभव और नवाचार की त्रिवेणी बहेगी।
धन्यवाद ज्ञापन राजकुमार यादव ने किया।
इस अवसर पर एआरपी संतोष मिश्रा, ब्रह्मजीत सिंह, रणजीत सिंह समेत कई शिक्षाविदों और समाजसेवियों ने भी विचार साझा किए। कार्यक्रम में संदीप गुप्ता, बादल यादव, रंजीत चौहान, भारतेन्दु यादव, लक्ष्य यादव, प्रिंस यादव, अंकुश, विवेक, देवाशीष, हर्षित, अमित सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
यह शोध एवं परीक्षण केन्द्र निश्चित रूप से शिक्षा और बाल विकास के क्षेत्र में जौनपुर जनपद को एक नई पहचान देगा।

