वन संरक्षक ने बसुही नदी तट पर किया त्रिवेणी वृक्षारोपण, 500 पौधे लगाए गए
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी, विधायक शाहगंज रमेश सिंह, विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, जिलाध्यक्ष पुष्पराज, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्या, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में वाराणसी मंडल के वन संरक्षक डॉ. रवि कुमार सिंह ने मड़ियाहूं रेंज के अंतर्गत बसुही नदी के तटीय क्षेत्र में पीपल, बरगद और नीम के पौधों का त्रिवेणी वृक्षारोपण कर सेवा पर्व की शुरुआत की। इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, दैनिक श्रमिकों एवं स्थानीय जनता के सहयोग से विभिन्न प्रजातियों के लगभग 500 पौधे लगाए गए।
वन संरक्षक डॉ. रवि कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा पर्व केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत की संकल्पना, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के संकल्प से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बच्चों और श्रमिकों से संवाद कर उन्हें पर्यावरण बचाने की जिम्मेदारी उठाने के लिए प्रेरित किया।
प्रभागीय वनाधिकारी जौनपुर, श्रीमती प्रोमिला के नेतृत्व में सभी क्षेत्रीय वन अधिकारियों ने सेवा पर्व को जन-आंदोलन के रूप में बड़े स्तर पर मनाने का संकल्प लिया।